

बिलासपुर शहर में आईपीएल क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच चल रहे मैच पर दांव लगा रहे थे। पुलिस ने इनके पास से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद दो मोबाइल फोन और एक एक्टिवा जब्त की है।दोनों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। शहर में सट्टेबाजी पर लगाम कसने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है।

मुखबिर से मिली थी गुप्त सूचना..
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शहर में क्रिकेट का रोमांच शुरू होते ही सटोरिए भी पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। इसे देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को जुआ और अवैध सट्टा के खिलाफ कड़ी और निरंतर कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में चार अप्रैल को सिविल लाइन पुलिस को मुखबिर से एक अहम सूचना मिली मुखबिर ने बताया कि इलाके में दो युवक मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल मैच में लोगों से संपर्क करके बड़े स्तर पर ऑनलाइन सट्टा लगवा रहे हैं। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत एक विशेष टीम बनाई और बताई गई जगह पर जाकर घेराबंदी की।
गेंद और रन पर लगा रहे थे दांव..
पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो दोनों युवक मोबाइल पर व्यस्त थे और चल रहे क्रिकेट मैच पर लोगों के पैसे लगवा रहे थे। यह मैच राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस की टीमों के बीच खेला जा रहा था। आरोपी मैच में टीम की हार जीत के अलावा हर गेंद पर बनने वाले रन चौके छक्के और विकेट गिरने पर दांव लगवा कर ऑनलाइन जुआ खिला रहे थे। पुलिस ने जब अचानक दबिश दी तो दोनों सटोरिए घबरा गए और वहां से भागने की कोशिश करने लगे,लेकिन पुलिस के जवानों ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
पूछताछ में सामने आए आरोपियों के नाम..
पुलिस की कड़ी पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम सौरभ पवार और कमल पंजवानी बताया है। 32 साल का सौरभ पवार बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सिंधी कॉलोनी जरहाभाठा का रहने वाला है।वहीं उसका दूसरा साथी 30 साल का कमल पंजवानी चकरभाठा कैंप इलाके का निवासी है। पुलिस इन दोनों से अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे यह सट्टा नेटवर्क खुद चला रहे थे या शहर के किसी बड़े सट्टा गिरोह के साथ जुड़े हुए हैं।पुलिस इनके मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगाल रही है।
मोबाइल कैश और गाड़ी पुलिस के कब्जे में..
पुलिस ने मौके पर मौजूद आरोपियों के पास से सट्टे की कमाई के कुल 148500 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके साथ ही ऑनलाइन सट्टा खिलाने में इस्तेमाल किए जा रहे ओप्पो कंपनी के दो स्मार्टफोन भी जब्त किए गए हैं। आरोपियों के पास से एक एक्टिवा स्कूटर भी मिला है। जिसका नंबर सीजी 10 एजे 8770 है इसे भी पुलिस ने जब्त कर थाने भिजवा दिया है। सिविल लाइन पुलिस ने दोनों आरोपियों सौरभ पवार और कमल पंजवानी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7(2) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है दोनों पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पुलिस का अभियान जारी है।



