

बिलासपुर की सरकंडा पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सशक्त एप की मदद से इस चोर को पकड़ा। आरोपी के पास से साल 2019 में चोरी हुई एक बाइक मिली है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर भेज दिया है।

बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग के निर्देश पर पुलिस सशक्त एप से वाहनों की जांच कर रही है। इसी कड़ी में सरकंडा पुलिस भी सड़कों पर गाड़ियों की चेकिंग कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने एक बजाज प्लेटिना बाइक को रोका और उसका नंबर सीजी 10 ए बी 5639 एप में डालकर सर्च किया। एप से तुरंत जानकारी मिली कि यह गाड़ी साल 2019 में चोरी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने बाइक सवार युवक को पकड़ लिया और उसे थाने ले आई।
थाने में कड़ाई से पूछताछ करने पर युवक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी का नाम रोशन शर्मा है और उसकी उम्र 18 साल है। वह मूल रूप से मुंगेली जिले के कंतेली गांव का रहने वाला है। इन दिनों वह सिरगिट्टी थाना इलाके के तिफरा में काली मंदिर के पास रह रहा था।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने साल 2019 में सरकंडा इलाके के बंधु कॉम्प्लेक्स के सामने से यह बाइक चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की बाइक जब्त कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस पूरी कार्रवाई में सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य प्रधान आरक्षक दिवाकर वर्मा और बलबीर सिंह शामिल थे।



