

बिलासपुर। जिले में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस (LPG) की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर जिला प्रशासन ने स्थिति साफ की है।कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि बिलासपुर में ईंधन की कोई किल्लत नहीं है। सप्लाई पूरी तरह से नॉर्मल है, इसलिए लोग घबराकर बेवजह ईंधन जमा (पैनिक बाइंग) न करें।

आंकड़ों में समझें जिले का स्टॉक :
गैस की किल्लत नहीं : जिले की 38 गैस एजेंसियों में इस वक्त 9 हजार 489 घरेलू गैस (LPG) सिलेंडर का स्टॉक मौजूद है। इसके अलावा होटलों और दुकानों के लिए 247 कमर्शियल सिलेंडर भी उपलब्ध हैं। यह मौजूदा मांग के हिसाब से पर्याप्त है।
पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त रिज़र्व : जिले के 171 पेट्रोल पंपों पर भी सप्लाई सुचारू है। अभी 1209 किलोलीटर पेट्रोल और 1429 किलोलीटर डीजल का भंडार मौजूद है, जिससे आम लोगों को कोई परेशानी नहीं होगी।
प्रशासन की नजर, जरूरत भर ही खरीदें..
कलेक्टर ने आम जनता से संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि लोग सोशल मीडिया या सुनी-सुनाई बातों पर ध्यान न दें। अपनी जरूरत के हिसाब से ही पेट्रोल-डीजल भरवाएं। बेवजह घरों में गैस सिलेंडर या गाड़ियों में एक्स्ट्रा पेट्रोल जमा करने से बचें। प्रशासन पूरी सप्लाई चेन की लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है और हालात बिल्कुल सामान्य हैं।



