तीर्थ यात्रा पर गया कारोबारी परिवार, पीछे से सूने बंगले में लाखों की सेंध..एसी की जगह से घुसे चोर, लाखों की चोरी की आशंका..

नेहरू नगर में हाई-प्रोफाइल चोरी से मचा हड़कंप, नगदी, सोने-चांदी के जेवर और कीमती रत्न गायब; डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी..

बिलासपुर। बिलासपुर के पॉश इलाके नेहरू नगर में चोरों ने एक बड़ी और सुनियोजित वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तीर्थ यात्रा पर गए एक बड़े कारोबारी के सूने बंगले को निशाना बनाते हुए चोर लाखों के माल पर हाथ साफ कर फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी गए नगदी, सोने-चांदी के आभूषण, कीमती ज्वैलरी और रत्नों की कीमत करीब लाखों रुपये तक हो सकती है। हालांकि वास्तविक नुकसान का पता मकान मालिक दंपत्ति के लौटने और पूरी सूची तैयार होने के बाद ही चल सकेगा।

जानकारी के अनुसार, नेहरू नगर मुख्य मार्ग स्थित कारोबारी रजनीश सेठ अपने परिवार के साथ तीर्थ यात्रा पर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान पर नजर रखी और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि चोरों ने मुख्य दरवाजे या खिड़की से नहीं, बल्कि एसी यूनिट हटाकर बनाई गई जगह से घर के भीतर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने पूरे मकान में आराम से तलाशी ली और अलमारी, लॉकर तथा कमरों में रखे कीमती सामान को समेटकर फरार हो गए।

हर कमरे को खंगाला, निशाने पर रहे जेवर और नकदी..

चोरों ने घर के एक-एक कमरे की बारीकी से तलाशी ली। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक नगदी के अलावा सोने-चांदी के आभूषण, महंगी ज्वैलरी और कीमती रत्न चोरी हुए हैं। घर का सामान बिखरा मिलने से अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाशों ने काफी समय तक घर के अंदर रहकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

मित्र ने दी सूचना, पुलिस ने संभाला मोर्चा..

सुबह घटना की जानकारी सबसे पहले कारोबारी के एक मित्र को हुई। उन्होंने तत्काल सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी किशोर केवट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस..

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जब्त कर ली है और संदिग्ध गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोर कितने थे, कब आए और किस रास्ते से फरार हुए। पुलिस को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने मकान और परिवार की गतिविधियों की रेकी की थी।

मकान मालिक के लौटने के बाद होगा वास्तविक नुकसान का खुलासा..

फिलहाल चोरी गए सामान की पूरी सूची उपलब्ध नहीं है। इसलिए करीब लाखों रुपए की चोरी की चर्चा प्रारंभिक अनुमान के आधार पर की जा रही है। मकान मालिक दंपत्ति के वापस लौटने के बाद नगदी, आभूषण और अन्य कीमती सामान का मिलान किया जाएगा, जिसके बाद चोरी की वास्तविक रकम स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर की हालिया सबसे बड़ी चोरी मानी जा रही इस वारदात ने पॉश कॉलोनियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।