

बिलासपुर। जिले के बेलगहना वन परिक्षेत्र में अवैध कटाई और अतिक्रमण के खिलाफ वन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई से वन क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि जंगलों पर कब्जा और अवैध गतिविधियां अब बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, वन मंडल अधिकारी के निर्देश और उपवन मंडल अधिकारी के मार्गदर्शन में परिक्षेत्र अधिकारी बेलगहना के नेतृत्व में भेलवातिकारी के कक्ष क्रमांक 2252 और 2472 में जांच की गई। जांच के दौरान वहां अवैध कटाई, छंटाई और अतिक्रमण का मामला सामने आया। इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए 12 अतिक्रमणकारियों के खिलाफ 21 मार्च 2026 को वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया।
कार्रवाई के तहत 12 आरोपियों में से 2 आरोपियों – तीजराम और मनइया पाव, निवासी ग्राम कोनचरा को 24 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों को 25 मार्च को माननीय न्यायालय प्रथम श्रेणी कोटा में पेश किया गया, जहां से उन्हें 13 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
वन विभाग ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। विभाग का कहना है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण और अवैध कटाई सख्ती से रोकी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
इस संयुक्त कार्रवाई में वन परिक्षेत्र बेलगहना के डिप्टी रेंजर शिवकुमार पैकरा सहित पंकज साहू, संत कुमार वाकरें, सोमप्रकाश, जय सिंधू, सावन यादव और शैलेन्द्र पोर्ते का विशेष योगदान रहा।
वन विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे जंगलों की सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।



