

बिलासपुर/जीपीएम। जिले में आज भोपाल क्षेत्र के सामाजिक समरसता प्रमुख चंद्रशेखर वर्मा का प्रेरणादायक प्रवास संपन्न हुआ। इस दौरान उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात कर संगठन की मजबूती, सामाजिक समरसता और सक्रिय कार्यशैली को लेकर विस्तृत चर्चा की।

अपने संबोधन में वर्मा ने कहा कि नारी जागरूकता ही समाज की सुरक्षा का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय में संगठित षड्यंत्रों के खिलाफ समाज को जागरूक और एकजुट रहना बेहद जरूरी है। विशेष रूप से उन्होंने माताओं और बहनों के सम्मान, संस्कार और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि समाज को संस्कारित और सशक्त बनाने के लिए मोहल्ला स्तर पर नियमित धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाए। इसके तहत उन्होंने हर मंगलवार शाम 7 बजे सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और सत्संग आयोजित करने की अपील की, ताकि मंदिरों को ‘शक्ति केंद्र’ के रूप में विकसित किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान वर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं को संगठन के प्रति समर्पण और समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एकजुट और जागरूक समाज ही हर प्रकार की चुनौतियों का सामना कर सकता है।अंत में उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और जिलेवासियों को आगामी हिंदू नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित..
इस अवसर पर स्वामी कृष्ण प्रपन्नाचार्य, हर्ष छाबरिया (जिलाध्यक्ष, विश्व हिंदू परिषद), प्रकाश साहू (जिला मंत्री), सागर पटेल (जिला संयोजक, बजरंग दल) सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
यह प्रवास कार्यकर्ताओं के लिए बेहद प्रेरणादायक और मार्गदर्शक साबित हुआ, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



