

बिलासपुर। जिले में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकरभाठा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक होटल की छत पर चल रहे अवैध हुक्का संचालन का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में हुक्का सामग्री और नकदी जब्त करते हुए संचालक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में होटल और बार में अवैध हुक्का संचालन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी चकरभाठा उमेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया था।
दिनांक 8 मार्च 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बोदरी स्थित होटल शिवा इन की छत पर अवैध रूप से हुक्का बार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
रेड के दौरान होटल की छत पर हुक्का पिलाते हुए संचालक को पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी सिद्धार्थ गुप्ता (39 वर्ष) पिता ओम प्रकाश गुप्ता, निवासी होटल शिवा इन, बोदरी, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हुक्का संचालन में उपयोग होने वाली सामग्री जब्त की, जिसमें 12 नग हुक्का पॉट, 6 पैकेट कोको जेल कोयला, 12 नग स्टैंड, 12 नग चिलम, 12 नग पाइप, 1 नग कोल हीटर, 3 प्लास्टिक डिब्बों में अलग-अलग सिगरेट व तंबाकू युक्त फ्लेवर तथा 5,000 रुपये नकद शामिल हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 55,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) 2003 की धारा 21(1), 21(2), 27 और 4 के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की है।
चकरभाठा पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।



