

बिलासपुर,मिर्जापुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में हुए चर्चित ज्वेलर्स लूटकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। घटना को अंजाम देने के बाद उत्तरप्रदेश फरार हुए चार आरोपियों को उत्तर प्रदेश पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई मिर्जापुर जिले के हरौरा थाना क्षेत्र के जंगल में की गई।

मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस का एक सिपाही भी घायल हुआ है। आरोपियों के पास से भारी मात्रा में लूटा गया सोना बरामद किया गया है।
राजकिशोर नगर में हुई थी सनसनीखेज वारदात..
जानकारी के अनुसार, बीते मंगलवार की रात बिलासपुर के राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर बदमाशों ने एक ज्वेलर्स कारोबारी को रोक लिया। आरोपियों ने कारोबारी पर जानलेवा हमला किया और ज्वेलरी से भरी कार लूटकर फरार हो गए।
बदमाश अपनी कार और बाइक घटनास्थल पर ही छोड़कर कारोबारी की कार से भाग निकले थे। बाद में उन्होंने लूटी गई कार को उरतुम के पास छोड़ दिया और अन्य साधनों से उत्तरप्रदेश की ओर फरार हो गए।
उत्तरप्रदेश के जंगल में घेराबंदी..
उत्तरप्रदेश पुलिस को सूचना मिली कि मिर्जापुर के हरौरा थाना क्षेत्र के जंगल में कुछ संदिग्ध लोग छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
देखें वीडियो..
बताया जा रहा है कि पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने चारों आरोपियों को पकड़ लिया। मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि एक सिपाही घायल हो गया।
बिहार भागने की फिराक में थे आरोपी..


प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी जंगल के रास्ते बिहार भागने की तैयारी में थे। लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उनकी योजना नाकाम हो गई। तलाशी के दौरान उनके पास से लूट का सोना बरामद कर लिया गया।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस लूटकांड में और भी सदस्य शामिल हो सकते हैं।
मिर्जापुर में हुई इस कार्रवाई को बिलासपुर पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। व्यापारियों में भी राहत और संतोष का माहौल है। अब उत्तरप्रदेश पुलिस आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर बिलासपुर लाने की तैयारी कर रही है, जहां उनसे आगे की पूछताछ की जाएगी।
पूरे मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।



