

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक बोले : मजबूत और सशक्त भारत का सपना देखते थे पं. दीनदयाल उपाध्याय..

बिलासपुर। एकात्म मानववाद के प्रवर्तक, अंत्योदय के प्रणेता और प्रखर चिंतक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर शहर द्वारा शहर के सभी मंडलों और बूथों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर एकत्र होकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय का पुण्य स्मरण किया और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर व्यापार विहार स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान एवं श्रीकांत वर्मा मार्ग में स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक सहित अनेक जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धरमलाल कौशिक ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय मजबूत, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत का निर्माण करना चाहते थे। उन्होंने अपने जीवन में अनेक कठिनाइयों का सामना किया, लेकिन शिक्षा और राष्ट्रसेवा के प्रति उनका समर्पण कभी कम नहीं हुआ। वे एक मेधावी छात्र थे और हर परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करते थे।
कौशिक ने कहा कि वर्ष 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा जनसंघ की स्थापना किए जाने पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय को प्रथम महासचिव नियुक्त किया गया।1953 में डॉ. मुखर्जी के असमय निधन के बाद संगठन की पूरी जिम्मेदारी उनके युवा कंधों पर आ गई। लगभग 15 वर्षों तक उन्होंने महासचिव के रूप में संगठन को मजबूती प्रदान की। बाद में जनसंघ के 14वें वार्षिक अधिवेशन में उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र को समर्पित रहा।
उन्होंने आगे कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद जैसी प्रगतिशील और भारतीय चिंतन पर आधारित विचारधारा दी, जो आज भी प्रासंगिक है। भारतीय जनता पार्टी आज एक वटवृक्ष के रूप में खड़ी है और उनके आदर्शों व सिद्धांतों पर चलते हुए निरंतर आगे बढ़ रही है। उनके विचारों को अपने जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय केवल राजनेता ही नहीं, बल्कि गंभीर विचारक और समाजसेवी भी थे। उनके विचारों और दर्शन को एकात्म मानववाद का नाम दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संचालित आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना और जल जीवन मिशन जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं पंडित दीनदयाल के अंत्योदय के विचार को ही धरातल पर उतारने का प्रयास हैं।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने सम्पूर्ण सृष्टि के मानसिक, शारीरिक और बौद्धिक विकास का चिंतन किया था। आज केंद्र सरकार उन्हीं विचारों को जमीनी स्तर पर लागू कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य कर रही है। आमजन की सेवा ही भाजपा का मूल उद्देश्य है।

कार्यक्रम के अंत में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर रितेश अग्रवाल, चंदना गोस्वामी, वैभव गुप्ता, स्नेहलता शर्मा, हनीफ खान, दुर्गेश पाण्डेय, देवेन्द्र पाठक, एस. श्रीनिवास राव, नारायण गोस्वामी, दिनेश देवांगन, संजय गुप्ता, राजकमल कश्यप, कृतिवर्धन गुप्ता, शुभम तिवारी, वीरेन्द्र शाह, अमित सिंह, सीनु राव, विश्वजीत ताम्रकार, अनिल सूर्या, आशीष यादव, रीना गोस्वामी, पूजा खत्री, वंदना तिवारी, सुमन यादव, कमला शुक्ला, श्रद्धा तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



