

बिलासपुर।नगर निगम भाजपा पार्षद दल की महत्वपूर्ण बैठक पूर्व मंत्री एवं विधायक अमर अग्रवाल, विधायक धरमलाल कौशिक, भाजपा बिलासपुर शहर जिलाध्यक्ष दीपक सिंह तथा महापौर पूजा विधानी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों की समस्याओं और आगामी 13 फरवरी को होने वाली मेयर-इन-काउंसिल बैठक की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में उपस्थित सभी पार्षदों ने एकजुटता के साथ नगर हित में कार्य करने का संकल्प लिया। विशेष रूप से मेयर-इन-काउंसिल की बैठक में मजबूती से अपनी बात रखने और वार्डों के विकास के मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने पर सहमति बनी।
पूर्व मंत्री एवं विधायक अमर अग्रवाल ने पार्षदों को संबोधित करते हुए कहा कि नगर विकास के कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्षदों की संख्या पर्याप्त है, इसलिए सदन में उनकी एकजुटता और ताकत स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को गंभीरता से उठाने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का आह्वान किया।
विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि सभी पार्षद जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि हैं और उनका सम्मान सर्वोपरि है। जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वार्डों के विकास कार्यों के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी और किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा पार्षद दल को पार्टी की रीति-नीति और सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करना चाहिए।
महापौर पूजा विधानी ने सभी पार्षदों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नगर के विकास के लिए समन्वय और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने पार्षदों से संवाद कर उनके वार्डों की समस्याओं की जानकारी ली और शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
बैठक की शुरुआत भाजपा बिलासपुर शहर जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने अतिथियों के स्वागत के साथ की। उन्होंने कहा कि संगठन और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से ही नगर का सर्वांगीण विकास संभव है।
बैठक में बंधु मौर्य, श्याम साहू, विजय ताम्रकार, तिलकराम साहू, प्रकाश यादव, संजय यादव, मोती गंगवानी, दिनेश देवांगन, सीमा कुसुम महाबली, संजय सिंह, सुनीता जगत, रेखा पाण्डेय, रूपाली गुप्ता, दिलीप कोरी, अंजनी बबलू कश्यप, मधुबाला टंडन, गणेश रजक, अमित तिवारी, आशीष गुप्ता, वल्लभ राव, राजेश दुसेजा, अंचल दुबे, श्याम कार्तिक, विजय मरावी, रमेश पटेल, जय वाधवानी, कमला पुरूशोत्तम पटेल सहित बड़ी संख्या में पार्षदगण उपस्थित रहे।



