जशपुर में मानव-वन्यजीव संघर्ष टला, वन विभाग और विशेषज्ञों की सतर्कता से सुरक्षित बचाई गई भालू की जान..

जशपुर। जंगलों से सटे ग्रामीण इलाकों में भोजन की तलाश में वन्यजीवों का पहुंचना अब आम बात होती जा रही है। ऐसा ही एक दिलचस्प लेकिन चिंताजनक मामला जशपुर जिले के मनोरा वनपरिक्षेत्र के गजमा गांव में सामने आया, जहां कटहल की खुशबू से आकर्षित होकर एक जंगली भालू गांव में पहुंच गया। स्वादिष्ट फल तक पहुंचने की कोशिश में भालू पेड़ पर तो चढ़ गया, लेकिन वहां लगे तार के फंदे में उलझकर बुरी तरह फंस गया।
पेड़ पर फंसे भालू को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में यह खबर पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग और जीएनडब्ल्यूएस (GNWS) की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
पेड़ की ऊंचाई और भालू की बेचैनी बनी चुनौती..
रेस्क्यू टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि भालू काफी ऊंचाई पर फंसा हुआ था और लगातार छटपटा रहा था। यदि वह अचानक नीचे गिरता तो गंभीर रूप से घायल हो सकता था। ऐसे में विशेषज्ञों ने बेहद सावधानी और रणनीति के साथ अभियान चलाया।
कई घंटों तक चले प्रयासों के बाद वन्यजीव विशेषज्ञों ने भालू को ट्रैंकुलाइज (बेहोश) किया। इसके बाद सुरक्षा उपकरणों की मदद से उसे पेड़ से नीचे उतारा गया। पूरे अभियान के दौरान टीम ने इस बात का विशेष ध्यान रखा कि भालू को किसी प्रकार की चोट न पहुंचे।
स्वास्थ्य परीक्षण के बाद जंगल में छोड़ा गया..
पेड़ से सुरक्षित उतारने के बाद पशु चिकित्सकों की टीम ने भालू का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में उसकी स्थिति सामान्य पाई गई। प्राथमिक उपचार और निगरानी के बाद वन विभाग ने उसे उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया। भालू के स्वस्थ होने की पुष्टि के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रही वन्यजीवों की आवाजाही..
वन अधिकारियों का कहना है कि बरसात के मौसम में जंगलों में उपलब्ध भोजन और गांवों में लगे फलदार पेड़ों की खुशबू कई बार वन्यजीवों को आबादी वाले क्षेत्रों तक खींच लाती है। कटहल, महुआ, आम और अन्य फलों की ओर भालू विशेष रूप से आकर्षित होते हैं। ऐसे मामलों में लोगों की भीड़ और हड़बड़ी जानवरों के साथ-साथ इंसानों के लिए भी खतरा पैदा कर सकती है।
वन विभाग की अपील..
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में जंगली जानवर दिखाई दे तो उसके पास जाने या उसे घेरने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम सुरक्षित तरीके से कार्रवाई कर सके। अधिकारियों ने कहा कि समय पर मिली सूचना और ग्रामीणों के सहयोग से गजमा गांव में एक संभावित हादले को टाल दिया गया और भालू को सुरक्षित बचाया जा सका।
कटहल की खुशबू खींच लाई गांव तक..
विशेषज्ञों के अनुसार भालू सूंघने की अत्यंत तेज क्षमता रखता है। पके हुए कटहल और अन्य फलों की महक उसे दूर-दूर तक आकर्षित कर सकती है। यही वजह रही कि भोजन की तलाश में आया भालू कटहल के पेड़ पर चढ़ा और अनजाने में तार के फंदे में फंस गया। यह घटना वन्यजीवों और मानव बस्तियों के बढ़ते संपर्क की भी एक बड़ी चेतावनी मानी जा रही है।







