

रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के बीच लापरवाही बरतने वाले अफसरों पर गाज गिरना शुरू हो गई है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के सख्त रुख के बाद कबीरधाम के जिला विपणन अधिकारी अभिषेक मिश्रा को सस्पेंड कर दिया गया है।

देखें वीडियो..
बुधवार को रायपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उपमुख्यमंत्री ने साफ कहा कि किसानों के हक पर डाका डालने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि धान संग्रहण केंद्रों में गड़बड़ी करने वालों पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों की सहूलियत के लिए धान खरीदी की तारीख बढ़ा दी है ताकि कोई भी पात्र किसान वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार पारदर्शिता के लिए ऑनलाइन सिस्टम चला रही है वहीं दूसरी ओर कुछ केंद्रों से लापरवाही की खबरें आ रही हैं। कवर्धा संग्रहण केंद्र में धान कम पाए जाने के मामले को उन्होंने गंभीरता से लिया है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि वे मुख्यमंत्री से आग्रह करेंगे कि प्रदेश में जहां भी ऐसी लापरवाही दिखे,वहां के जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त से सख्त एक्शन लिया जाए।

इधर राज्य सहकारी विपणन संघ के एमडी जितेन्द्र शुक्ला ने निलंबन आदेश जारी करते हुए बताया कि अभिषेक मिश्रा ने मीडिया के सामने बिना तथ्यों की जांच किए गलत जानकारी दी। इस बयानबाजी से शासन और प्रशासन की छवि खराब हुई है। जितेन्द्र शुक्ला ने स्पष्ट किया कि यह कर्मचारी सेवा नियमों का उल्लंघन है इसलिए मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय बिलासपुर तय किया गया है।

सूत्रों का कहना है कि संग्रहण केंद्रों में धान के रखरखाव में भारी खामियां मिली हैं जिसकी गाज अब धीरे-धीरे अन्य छोटे-बड़े अधिकारियों पर भी गिर सकती है।



