‘हमर बिलासपुर’ ने बढ़ाया खेल का जुनून, फुटबॉल प्रेडिक्शन प्रतियोगिता के विजेताओं का अमर अग्रवाल ने किया सम्मान..

432 प्रतिभागियों ने आजमाया खेल ज्ञान, सटीक भविष्यवाणी करने वाले आठ विजेता सम्मानित; खेल संस्कृति और सकारात्मक सोशल मीडिया की पहल को मिली सराहना..

बिलासपुर। खेल केवल मैदान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज को जोड़ने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी माध्यम भी बन सकते हैं। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए बिलासपुर के लोकप्रिय सोशल मीडिया मंच ‘हमर बिलासपुर’ द्वारा आयोजित ‘कौन बनेगा फुटबॉल सम्राट’ प्रतियोगिता के विजेताओं का शुक्रवार को भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए इस पहल को खेल संस्कृति और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने वाला अभिनव प्रयास बताया।

विश्व कप फुटबॉल फाइनल से पहले आयोजित इस ऑनलाइन प्रेडिक्शन प्रतियोगिता में शहर के 432 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में स्पेन और अर्जेंटीना के बीच होने वाले परिणाम का अनुमान लगाने के लिए लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता में 208 प्रतिभागियों ने स्पेन की जीत का अनुमान लगाया, लेकिन स्पेन की 90 मिनट में 1–0 की जीत का बिल्कुल सटीक पूर्वानुमान लगाने वाले केवल आठ प्रतिभागी ही विजेता बने।

सम्मानित होने वाले विजेताओं में मनीष आकाशी, विकास चौबे, सुमित पाल सलूजा, एस.एस. ठाकुर, लवलीन सलूजा, अतुल पटेल, सुरेश निर्मलकर और उत्तम तिवारी शामिल रहे। अमर अग्रवाल ने सभी विजेताओं को सम्मान-पत्र और शुभकामनाएं देते हुए उनके खेल ज्ञान की सराहना की।

इस अवसर पर अमर अग्रवाल ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। यदि सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक गतिविधियों के लिए किया जाए तो वह समाज को जोड़ने और नई ऊर्जा देने का सशक्त माध्यम बन सकता है। उन्होंने कहा कि ‘हमर बिलासपुर’ ने खेल के माध्यम से लोगों को जोड़ने और स्वस्थ संवाद का मंच उपलब्ध कराने का सराहनीय कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहते, बल्कि युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने, आपसी संवाद मजबूत करने और समाज में सकारात्मक माहौल बनाने का भी काम करते हैं। आने वाले समय में इस तरह की पहलें शहर की खेल संस्कृति को और मजबूत करेंगी।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार एवं ग्रुप एडमिन रूद्र अवस्थी, पूर्व महापौर किशोर राय, अपोलो हॉस्पिटल ग्रुप के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. देवेंद्र सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह, भाजपा नेता अनिल दुआ सहित अनेक गणमान्य नागरिक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

डॉ. देवेंद्र सिंह ने कहा कि वे वर्ष 1982 से फुटबॉल से जुड़े रहे हैं और देश में फुटबॉल सहित अन्य खेलों के प्रति बढ़ता उत्साह सुखद संकेत है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं को खेलों से जोड़ने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

सम्मान समारोह के बाद अमर अग्रवाल ने शहरवासियों और सोशल मीडिया समूह के सदस्यों से संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि बिलासपुर लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और राज्य सरकार शहर में लगभग दो से ढाई हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि नागरिकों की सहभागिता और सकारात्मक सामाजिक पहल के साथ बिलासपुर विकास और खेल दोनों क्षेत्रों में नई पहचान बनाएगा।

कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए अमर अग्रवाल ने कहा कि खेल में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, सहभागिता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा होती है। यही भावना समाज को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने का सबसे मजबूत आधार है।