

बिलासपुर । बीएनआई व्यापार एवं उद्योग मेले के पांचवें दिन मेले का स्वरूप केवल व्यापार तक सीमित न रहकर सामाजिक सरोकार, रोजगार और नवाचार का प्रभावी मंच बनकर उभरा। इस दिन आयोजित रोजगार मेला और शार्क टैंक कार्यक्रम मेले के सबसे बड़े आकर्षण रहे। बड़ी संख्या में युवाओं, उद्यमियों और शहरवासियों की उपस्थिति ने आयोजन की सफलता को स्पष्ट रूप से दर्शाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि बीएनआई द्वारा व्यापार मेले के माध्यम से राष्ट्रहित में कार्य करने वाले विभिन्न वर्गों को एक मंच पर जोड़ना अपने आप में एक सराहनीय और अनुकरणीय पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं।

महंत ने विशेष रूप से दृष्टिबाधित बच्चों को मंच देने, रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने और नवाचार को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बीएनआई का यह आयोजन केवल व्यापार नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशील सोच का परिचायक है।
रोजगार मेला बना युवाओं के लिए उम्मीद की किरण..
बीएनआई व्यापार मेले के अंतर्गत आयोजित रोजगार मेला युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर लेकर आया। नाइसटेक कम्प्यूटर के डायरेक्टर रविंद्र प्रताप के मार्गदर्शन में आयोजित यह मेला सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चला।
रोजगार मेले में 380 से अधिक युवाओं ने भाग लिया। इसमें 60 नियोक्ताओं से संपर्क स्थापित हुआ, जिनमें से 38 कंपनियों ने प्रत्यक्ष इंटरव्यू लिए। युवाओं के लिए 460 से अधिक रिक्त पदों की जानकारी और अवसर उपलब्ध कराए गए।
मेले में टैली एजुकेशन की दिव्या गणेशा और NIIT यूनिवर्सिटी के विकास पांडेय सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार कई युवाओं को आगे की चयन प्रक्रिया के लिए बुलाया गया है।
शार्क टैंक से स्टार्टअप्स को मिला निवेश का मंच..
मेले में आयोजित शार्क टैंक कार्यक्रम ने युवाओं और नवोदित उद्यमियों को अपने बिजनेस आइडिया प्रस्तुत करने का बेहतरीन अवसर दिया। इस कार्यक्रम में अनिल मुंदड़ा, सनफ्लावर के डायरेक्टर अमित अग्रवाल, छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष डॉ. नवदीप सिंह अरोरा और स्वस्तिक इंफ्रा से विशाल शेरवानी निवेशक के रूप में शामिल हुए।
प्रतियोगिता में कॉमिक्स ग्रुप से टिनू निभानी प्रथम रहे। सुकन्या भारत कुमार, हर्ष अग्रवाल और पार्थ कुमार को द्वितीय स्थान, जबकि अर्पित शुक्ला को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। सर्वज्ञता फाउंडेशन के कपिल सचदेव को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने भी की सराहना..
कार्यक्रम में उपस्थित कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मेले में उमड़ी भीड़ को देखकर कहा कि यह आयोजन उन्हें भारत प्रसिद्ध ग्वालियर मेले की याद दिलाता है। उन्होंने आयोजन समिति को हर संभव प्रशासनिक सहयोग देने का आश्वासन दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह ने कहा कि बीएनआई मेला केवल व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता का भी प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने बताया कि मेले के अंतिम दिन ट्रैफिक नियमों और नशा मुक्ति पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मेले के अंतिम दिन होंगे विविध कार्यक्रम..
मेले के अंतिम दिन इस्कॉन द्वारा संकीर्तन, आर्ट ऑफ लिविंग की भजन संध्या, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, स्वाभिमान सम्मान और लाइफटाइम सेवा पुरस्कार जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे।
बीएनआई व्यापार एवं उद्योग मेला आज व्यापार, रोजगार, नवाचार और सामाजिक समावेशन का ऐसा मंच बन गया है, जिसने बिलासपुर को एक प्रगतिशील और जागरूक शहर के रूप में नई पहचान दी है।




