भाजपा प्रदेश कोर कमेटी में अमर अग्रवाल को मिली जिम्मेदारी, कार्यकर्ताओं में उत्साह..

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल को भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी का सदस्य बनाए जाने पर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। उनकी नियुक्ति को संगठन में बिलासपुर की बढ़ती भागीदारी और राजनीतिक महत्व के रूप में देखा जा रहा है।

नई जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रौशन सिंह एवं विधायक प्रतिनिधि शरद यादव ने अमर अग्रवाल के निवास कार्यालय पहुंचकर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया तथा बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके अनुभव और नेतृत्व का लाभ प्रदेश संगठन को मिलेगा।

अमर अग्रवाल भाजपा के उन वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं जिन्होंने संगठन और शासन दोनों स्तरों पर अपनी प्रभावी भूमिका निभाई है। वे लंबे समय से बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए जनता के बीच सक्रिय रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार में उन्होंने स्वास्थ्य, वित्त, वाणिज्यिक कर और नगरीय प्रशासन जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली थी।

अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाया। संगठनात्मक क्षमता, प्रशासनिक अनुभव और जनसंपर्क के कारण वे भाजपा के भरोसेमंद नेताओं में गिने जाते हैं। वे लगातार जनसंपर्क कार्यक्रमों, सामाजिक गतिविधियों और पार्टी अभियानों के माध्यम से जनता के बीच सक्रिय रहते हैं।

भाजपा प्रदेश कोर कमेटी में उनकी नियुक्ति को संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी राजनीतिक रणनीतियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस अवसर पर रौशन सिंह ने कहा कि अमर अग्रवाल के अनुभव, संगठनात्मक कौशल और जनसेवा के प्रति समर्पण का लाभ प्रदेश भाजपा को मिलेगा तथा उनके मार्गदर्शन में पार्टी और अधिक मजबूत होगी।