खाद की कालाबाजारी पर कृषि विभाग का शिकंजा, 368 बोरी उर्वरक जब्त..

मुख्यमंत्री के निर्देश पर कार्रवाई, अवैध भंडारण करने वाले प्रतिष्ठान को नोटिस..

बिलासपुर। खरीफ सीजन से पहले किसानों को खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले के बिल्हा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सेंदरी में छापामार कार्रवाई कर 368 बोरी उर्वरक जब्त किया गया है। यह उर्वरक बिना अनुमति के एक ऐसे गोदाम में रखा गया था, जो संबंधित संस्था के लाइसेंस में दर्ज नहीं था।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिले में खाद, बीज और कृषि आदानों की उपलब्धता को लेकर विशेष निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में कृषि विभाग की उड़नदस्ता टीम लगातार निजी और सहकारी उर्वरक विक्रय केंद्रों का निरीक्षण कर रही है। अब तक जिले में 91 से अधिक प्रतिष्ठानों की जांच की जा चुकी है।

इसी क्रम में ग्राम सेंदरी में उर्वरक के अवैध भंडारण की सूचना मिलने पर कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने मेसर्स बंसल फर्टिलाइजर के सेंदरी एवं लोफंदी स्थित प्रतिष्ठानों और गोदामों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान 368 बोरी उर्वरक ऐसे स्थान पर भंडारित मिला, जिसकी वैधानिक अनुमति संस्था के पास नहीं थी।

अधिकारियों ने मौके पर दस्तावेजों और लाइसेंस संबंधी अभिलेखों की जांच की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उर्वरक को जब्त कर गोदाम को सीलबंद कर दिया गया। जब्त सामग्री को संबंधित संस्था की अभिरक्षा में रखा गया है। प्रारंभिक जांच में उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 के प्रावधानों के उल्लंघन के संकेत मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वाले, जमाखोरी या कालाबाजारी में लिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

किसानों से की गई अपील..

कृषि विभाग ने किसानों से केवल लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदने और प्रत्येक खरीद पर पक्की रसीद लेने की अपील की है। किसानों को खाद की बोरी पर निर्माण तिथि, बैच नंबर, कंपनी का नाम एवं गुणवत्ता संबंधी जानकारी जांचने की सलाह दी गई है। साथ ही किसी भी संदिग्ध खाद, बीज या कीटनाशक की जानकारी तत्काल कृषि विभाग अथवा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को देने का आग्रह किया गया है।

कार्रवाई के दौरान सहायक संचालक कृषि शशांक शिंदे, उर्वरक निरीक्षक आर.एस. गौतम, कृषि विकास अधिकारी डी.पी. दिवाकर, शाखा प्रभारी उमेश कश्यप सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।