

बिलासपुर। शहर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत तिफरा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में आज सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। ईडब्ल्यूएस बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से एक युवक और युवती के गिरने से यह दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना अभिलाषा परिसर स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों अचानक छत से नीचे गिरे, जिससे आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। घायल युवती को तुरंत इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मृतक की पहचान चिरंजीवी पांडे उर्फ चिंटू (27) के रूप में हुई है, जो एक निजी फाइनेंस कंपनी में काम करता था। वह मूल रूप से बिहार का निवासी था, जबकि उसके परिजन टाटानगर में रहते हैं। घायल युवती का नाम महिमा श्री बताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह मामला आत्महत्या का है या कोई हादसा, या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी जारी हैं।



