जोंकी गांव में किन्नर समुदाय की पार्टी बनी मातम का कारण, विवाद के बाद तन्नू किन्नर की संदिग्ध मौत से सनसनी..

सकरी पुलिस जांच में जुटी, गला दबाकर हत्या की आशंका; समुदाय ने आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई..

बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत जोंकी गांव में किन्नर समुदाय की एक पार्टी के दौरान हुए विवाद ने दुखद मोड़ ले लिया। देर रात हुई इस घटना में तन्नू किन्नर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद किन्नर समुदाय में गहरा आक्रोश है और समुदाय के लोगों ने आरोपी बताए जा रहे रिया किन्नर के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, जोंकी गांव में किन्नर समुदाय के कुछ लोग एक निजी कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर आपसी विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। कुछ समय बाद तन्नू किन्नर अचेत अवस्था में मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने जब उसकी स्थिति देखी तो उसके नाक से खून निकल रहा था और गले पर चोट या दबाव के निशान दिखाई दे रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिम्स अस्पताल भेज दिया है। वहीं घटना के समय मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि विवाद की वजह और मौत की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक के शरीर पर मिले निशानों के आधार पर गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता, हालांकि जांच एजेंसियां फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी।

इधर, घटना के बाद किन्नर समुदाय के लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। समुदाय के सदस्यों ने दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि हत्या की पुष्टि होती है तो आरोपी को कानून के तहत कड़ी सजा मिलनी चाहिए। मृतक तन्नू किन्नर की मौत से समुदाय में शोक का माहौल है।

सकरी पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मौत और संभावित हत्या दोनों पहलुओं से जांच रही है।