पंजाब से बिलासपुर पहुंच रही थी हेरोइन की खेप, 5 तस्कर गिरफ्तार..

रेलवे स्टेशन के पास पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 97 ग्राम से ज्यादा हेरोइन बरामद..

पंजाब के सप्लायर और छत्तीसगढ़ के खरीदार चढ़े पुलिस के हत्थे, कार-स्कूटी और नकदी जब्त..

बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय नशीले पदार्थ तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पंजाब से छत्तीसगढ़ लाई जा रही हेरोइन की खेप पकड़ी है। तोरवा थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 97.63 ग्राम हेरोइन, कार, स्कूटी, मोबाइल फोन और नगदी जब्त की गई है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख 38 हजार रुपए बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में दो तस्कर पंजाब के अमृतसर के रहने वाले हैं, जबकि तीन आरोपी मुंगेली जिले के निवासी हैं, जो हेरोइन खरीदने पहुंचे थे।

रेलवे स्टेशन के पास ग्राहक का कर रहे थे इंतजार..

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि तोरवा थाना क्षेत्र स्थित रेलवे स्टेशन के पास एक अल्टो कार में कुछ लोग हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही निरीक्षक नीलेश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध कार की जांच की। कार में सवार पांचों लोग पुलिस को देखकर घबराने लगे और पूछताछ में गोलमोल जवाब देने लगे।

बैग में मिली हेरोइन की बोतल..

तलाशी के दौरान कार में रखे बैग से एक बोतल बरामद हुई, जिसमें प्रतिबंधित नशीला पदार्थ हेरोइन रखा हुआ था। पुलिस ने मौके पर जांच की तो कुल 97.63 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों के पास इस नशीले पदार्थ से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।

पूछताछ में पंजाब निवासी जितेंद्र सिंह रंधावा और जगदीप सिंह ने स्वीकार किया कि वे हेरोइन को छत्तीसगढ़ में बेचने के लिए लेकर आए थे। वहीं मुंगेली निवासी शेख अल्ताफ उर्फ लल्ला, अमित कुमार डाहिरे और अवि पाठक खरीदार के रूप में मौके पर पहुंचे थे।

कार, स्कूटी, मोबाइल और नकदी जब्त..

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से

97.63 ग्राम हेरोइन

एक अल्टो कार

एक स्कूटी

पांच एंड्रॉयड मोबाइल

57 हजार 800 रुपए नकद

जब्त किए हैं।

पूरे मामले में थाना तोरवा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21बी, 22बी और 29 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

लंबे समय से रखी जा रही थी नजर..

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पिछले कुछ समय से सूचना मिल रही थी कि बाहरी राज्यों से छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हेरोइन की सप्लाई की जा रही है। इसके बाद बिलासपुर पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी।

इसी निगरानी के दौरान पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय..

इस कार्रवाई में निरीक्षक नीलेश पांडेय, उपनिरीक्षक कमलनारायण शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक देवेंद्र तिवारी सहित थाना तोरवा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्रवाई की सराहना की है।

बिलासपुर पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे से बचाने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।