रील के चक्कर में कानून की सीमा पार !

बिलासपुर में चाकू लहराने से लेकर मारपीट तक के वीडियो वायरल, शराब पीने के दावे की भी जांच; पुलिस ने शुरू की पड़ताल..

बिलासपुर। सोशल मीडिया पर कुछ सेकंड की रील को वायरल कराने और ज्यादा व्यूज जुटाने की होड़ अब युवाओं के लिए ही नहीं, बल्कि युवतियों के बीच भी अलग-अलग रूप में दिखाई देने लगी है। बिलासपुर में हाल के दिनों में सामने आए तीन अलग-अलग वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया के इस ट्रेंड को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक वीडियो में युवती हाथ में चाकू लेकर कैमरे के सामने नजर आ रही है, दूसरे में सड़क किनारे युवतियों के शराब पीने का दावा किया जा रहा है, जबकि तीसरे वीडियो में युवतियों के दो गुटों के बीच मारपीट दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इनके वास्तविक स्थान, समय, पहचान और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

चाकू और सिगरेट के साथ वीडियो ने खींचा ध्यान.. देखें वॉयरल वीडियो..

वायरल हो रहे पहले वीडियो में एक युवती हाथ में सिगरेट और चाकू लिए दिखाई दे रही है। वीडियो में वह कैमरे के सामने चाकू का प्रदर्शन करती नजर आती है। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद हथियार के सार्वजनिक प्रदर्शन को लेकर सवाल उठने लगे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो वास्तव में बिलासपुर का है या नहीं, इसे कब और कहां बनाया गया तथा वीडियो में दिखाई दे रही युवती की पहचान क्या है।

पुलिस के अनुसार केवल सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होना अपने आप में घटना की पूरी पुष्टि नहीं करता। इसलिए वीडियो की मूल रिकॉर्डिंग, स्थान और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

सड़क किनारे बैठी युवतियों का वीडियो, शराब पीने का दावा.. देखें वॉयरल वीडियो..

दूसरा वीडियो देर रात का बताया जा रहा है। इसमें दो युवतियां सड़क किनारे बैठी दिखाई दे रही हैं। सोशल मीडिया पर इसे सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से जोड़कर प्रसारित किया जा रहा है। हालांकि, वीडियो के साथ किए जा रहे इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। पुलिस वीडियो की वास्तविकता, स्थान और उसमें दिखाई दे रही गतिविधि की जांच कर रही है।

तीसरे वीडियो में मारपीट, पुलिस ने की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई..

तीसरे वायरल वीडियो में विवाद का मामला सामने आया है। वीडियो में युवतियों के दो गुट दिखाई दे रहे हैं और कुछ युवतियां एक युवती के साथ मारपीट करती नजर आ रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसमें दिखाई दे रही युवतियों की पहचान कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पृष्ठभूमि और विवाद की वजह की भी जानकारी जुटा रही है।

व्यूज की होड़ में जोखिम भरा कंटेंट..

इन घटनाओं ने शहर में सोशल मीडिया रील्स के बदलते ट्रेंड पर भी चर्चा छेड़ दी है। पहले जहां रील्स मनोरंजन, डांस और सामान्य गतिविधियों तक सीमित दिखाई देती थीं, वहीं अब हथियारों का प्रदर्शन, विवाद और कानून-व्यवस्था से जुड़े संवेदनशील दृश्यों को भी कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर डालने के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे वीडियो न केवल संबंधित लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर सकते हैं, बल्कि इनके जरिए गलत संदेश भी प्रसारित हो सकता है।

पुलिस बोली – वायरल वीडियो के आधार पर नहीं, तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई..

एएसपी पंकज पटेल ने कहा कि सोशल मीडिया पर सामने आए वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। वीडियो कब और कहां बनाया गया, उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान क्या है और वीडियो में दिखाई जा रही घटना की वास्तविकता क्या है, इन सभी बिंदुओं की पुष्टि की जा रही है। तथ्यों की पुष्टि होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने हथियारों का सार्वजनिक प्रदर्शन, सार्वजनिक स्थान पर कानून-विरुद्ध गतिविधियां और संवेदनशील घटनाओं के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से बचने की हिदायत दी है।