बीआर यादव इनडोर स्टेडियम में होगा भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव होंगे शामिल..

छत्तीसगढ़ी गीत-संगीत, सावन झूला और पारंपरिक व्यंजनों के साथ दिखेगा माटी की संस्कृति का रंग..
बिलासपुर, 5 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और पारंपरिक पर्वों में विशेष स्थान रखने वाला तीजा तिहार इस बार बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में बड़े उत्साह के साथ मनाया जाएगा। मातृशक्ति के सम्मान और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकपरंपरा को समर्पित यह भव्य समारोह 6 सितंबर, रविवार को बहतराई स्थित बीआर यादव इनडोर स्टेडियम में सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित प्रदेश के अनेक जनप्रतिनिधि और महिला नेत्रियां शामिल होंगी।
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में कमल सखी परिवार और भाजपा बेलतरा विधानसभा की बहनों द्वारा आयोजित इस तीजा तिहार समारोह में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक के साथ महिलाओं के लिए मनोरंजन और पारंपरिक गतिविधियों की विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजन को लेकर क्षेत्र की महिलाओं में खासा उत्साह है।
लोकगीतों से सजेगी तीज की शाम..
समारोह का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ी लोकगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। लोकप्रिय गायिका गरिमा एवं स्वर्णा दिवाकर और उनकी टीम द्वारा छत्तीसगढ़ी गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। लोकगीतों की धुन पर बहनें झूमेंगी और आयोजन स्थल पर छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति का रंग देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम में तीजहारिन माताओं और बहनों के लिए करू भात की व्यवस्था की गई है। सावन की परंपरा को जीवंत रखने के लिए पारंपरिक झूले भी लगाए जाएंगे। वहीं बच्चों के लिए अलग से प्लेइंग जोन बनाया गया है। इसके अलावा महिलाओं और बच्चों के लिए कई पारंपरिक और मनोरंजक गतिविधियां भी रखी गई हैं।
एक मंच पर दिखेगी प्रदेश की महिला शक्ति..
समारोह में बेलतरा सहित बिलासपुर क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम में विधायक रेणुका सिंह, भावना बोहरा, शकुंतला पोर्ते, महापौर पूजा विधानी, मीना अरुण साव, लीलावती तोखन साहू, शांति केदार कश्यप, शशि अमर अग्रवाल, शशि धर्मजीत सिंह और सुरुज धरमलाल कौशिक सहित अनेक महिला जनप्रतिनिधि एवं विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगी।
आयोजकों के मुताबिक, आयोजन का उद्देश्य तीजा तिहार को केवल धार्मिक पर्व के रूप में मनाना नहीं, बल्कि महिलाओं की भागीदारी और सम्मान के साथ छत्तीसगढ़ की लोकपरंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है।
मातृशक्ति के सम्मान का पर्व है तीजा : सुशांत शुक्ला..
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि तीजा तिहार छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति की आस्था, प्रेम और समर्पण का प्रतीक है। यह पर्व हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं से गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि बेलतरा में आयोजित यह समारोह माताओं और बहनों के सम्मान के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की गौरवशाली लोकसंस्कृति को सहेजने का प्रयास है।

उन्होंने क्षेत्र की सभी माताओं और बहनों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों ने महिलाओं से पारंपरिक परिधान में समारोह में पहुंचने का आग्रह किया है, ताकि पूरा आयोजन छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंग में रंग सके।
कार्यक्रम एक नजर में..
दिनांक: 6 सितंबर 2026, रविवार
समय: सुबह 11 बजे
स्थान: बीआर यादव इनडोर स्टेडियम, बहतराई, बिलासपुर
मुख्य आकर्षण: छत्तीसगढ़ी लोकगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, सावन झूला, करू भात और बच्चों के लिए प्लेइंग जोन।







