बिलासपुर। पैसों के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि दो युवकों ने एक व्यक्ति के साथ सरेआम गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के, डंडे और बेल्ट से मारपीट कर दी। घटना की शिकायत मिलने के बाद सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज करने के साथ ही अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी शुरू की है।

मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक इमलीभाठा जोगी आवास निवासी शनि कुमार बंजारे अपनी पत्नी और बच्चों के साथ 26 अगस्त को ईद का त्योहार देखने गोल बाजार गए थे। त्योहार देखने के बाद परिवार के साथ वापस लौटते समय उन्हें विनित कुमार श्रीवास ने गणेश अस्पताल के पास बुलाया। विनित वहां गार्ड का काम करता है। बताया गया है कि विनित ने पूर्व में घरेलू काम के लिए शनि कुमार से पैसे लिए थे और इसी रकम को वापस करने के संबंध में दोनों के बीच बातचीत होनी थी।
बातचीत से शुरू हुआ विवाद, फिर मारपीट..
पुलिस के अनुसार पैसों के लेनदेन को लेकर शनि कुमार और विनित श्रीवास के बीच बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। इसी दौरान विनित ने अपने साथी किशन ध्रुव के साथ मिलकर शनि कुमार से कथित तौर पर अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने मिलकर हाथ-मुक्के, डंडे और बेल्ट से उसकी पिटाई कर दी। घटना के बाद पीड़ित ने सरकंडा थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
मेडिकल जांच में सामान्य चोट..
शिकायत के आधार पर पुलिस ने शनि कुमार का मेडिकल परीक्षण कराया। डॉक्टर की मुलाहिजा रिपोर्ट में उसे सामान्य चोटें होना दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 1210/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई..
बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में सरकंडा पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तत्काल टीम गठित की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए विनित कुमार श्रीवास (26) और किशन ध्रुव (29) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी उस्लापुर क्षेत्र के डबरीपारा के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर विवाद कर मारपीट और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।







