तिरंगे के रंग में रंगा भाजपा कार्यालय, ‘हर घर तिरंगा’ का दिया संदेश..

जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज, बोले तिरंगा देश की आन-बान और शान का प्रतीक..

बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के उत्साह के बीच देशभर में चल रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को लेकर बिलासपुर में भी राष्ट्रभक्ति का माहौल नजर आने लगा है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर शहर के करबला स्थित जिला कार्यालय में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। तिरंगा फहराते ही भाजपा कार्यालय परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंज उठा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुए ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा शहर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के आह्वान पर पार्टी कार्यकर्ता लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

तिरंगे को सलामी, एकता-अखंडता का लिया संकल्प..

भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर सहित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान सभी ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि तिरंगा हर भारतीय के लिए गर्व और सम्मान का प्रतीक है और इसके प्रति सम्मान की भावना देश के प्रत्येक नागरिक के मन में है।

जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर ने कहा कि तिरंगा सिर्फ एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन-बान और शान का प्रतीक है। इसके तीनों रंग और अशोक चक्र देश के गौरव, त्याग, शांति और निरंतर आगे बढ़ने की भावना का संदेश देते हैं। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान लोगों को राष्ट्र के प्रति अपने गौरव और जिम्मेदारी से जोड़ने का अवसर है।

तिरंगा यात्रा के जरिए जन-जन तक पहुंचेगा राष्ट्रभक्ति का संदेश..

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता अभियान के माध्यम से शहर और जिले के लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इसके साथ ही तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं से अभियान में पूरे उत्साह के साथ शामिल होने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। राष्ट्रध्वज के सम्मान में सभी ने सामूहिक रूप से ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाए। कार्यक्रम ने पार्टी कार्यालय में देशभक्ति का माहौल बना दिया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष वैभव गुप्ता, व्यापार प्रकोष्ठ जिला संयोजक नीतिन छाबड़ा, सोशल मीडिया जिला संयोजक देवेश खत्री, महर्षि बाजपेयी, शानुल खान, निलेश सिंह, सन्नी थदानी, राजेश आहुजा, राकेश अग्रवाल, बलजीत खुराना, मनोज मनसुखानी, मोहन जैसवानी, प्रदीप गुप्ता, सैंकी सलुजा, अमित मटरेजा, हार्दिक तेजाणी, आशुतोष साव, प्रवीण खंडुजा, अमन होरा, जसबीर गांधी, हरविंदर सिंह मक्कड़, जतिन पुरी जस्सी, गोविंद आमनानी, राजेन्द्र ताम्रकार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।