109 छात्राओं को साइकिल, हाथों में तिरंगा लेकर निकलीं बेटियां..

अमर अग्रवाल ने बर्जेस और मिशन स्कूल में बांटी साइकिलें, ₹14 लाख के विकास कार्यों का उद्घाटन और दो अतिरिक्त कक्षों का लोकार्पण..

बिलासपुर। शहर की ऐतिहासिक शिक्षण संस्थाओं में मंगलवार को शिक्षा, राष्ट्रभक्ति और विकास का संगम देखने को मिला। बिलासपुर विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अमर अग्रवाल ने बर्जेस मेमोरियल कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और मिशन उच्चतर माध्यमिक शाला में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना का लाभ दिलाया। दोनों स्कूलों की 109 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं। साइकिल के साथ छात्राओं को तिरंगा भी दिया गया, जिसके बाद वे उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा के लिए रवाना हुईं।

मिशन उच्चतर माध्यमिक शाला में 60 और बर्जेस मेमोरियल कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 49 छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया और देश की आजादी के लिए अपना योगदान देने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया।

साइकिल से आसान हुई बेटियों की राह..

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमर अग्रवाल ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना वर्ष 2004 से बालिकाओं की शिक्षा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। विशेषकर दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं के लिए विद्यालय तक पहुंच आसान हुई है। आवागमन की सुविधा मिलने से पढ़ाई जारी रखने में सहूलियत मिली और स्कूल छोड़ने की स्थिति में कमी आई।

उन्होंने कहा कि यह योजना केवल साइकिल देने तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य बेटियों को शिक्षा से जोड़ना, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना और उन्हें अपने भविष्य के लिए आत्मनिर्भर बनाना है। शिक्षा के साथ आत्मविश्वास बढ़ने से छात्राएं पढ़ाई के अलावा सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

बर्जेस स्कूल में ₹14 लाख के विकास कार्य..

बर्जेस मेमोरियल कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विधायक अमर अग्रवाल ने विधायक निधि से लगभग 14 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्ष और फर्शीकरण कार्य का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण के लिए पर्याप्त अधोसंरचना जरूरी है। इस दिशा में किए जा रहे कार्य विद्यार्थियों के लिए सुविधाजनक वातावरण तैयार करेंगे।

उन्होंने बर्जेस स्कूल के वर्ष 1885 से शिक्षा के क्षेत्र में योगदान का उल्लेख करते हुए विद्यालय प्रबंधन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एक संस्था का इतने लंबे समय तक शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय रहना गौरव की बात है। बर्जेस स्कूल ने कई पीढ़ियों को शिक्षा देकर बिलासपुर के सामाजिक और शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मिशन स्कूल में दो नए कक्षों का लोकार्पण..

मिशन उच्चतर माध्यमिक शाला में अमर अग्रवाल ने दो अतिरिक्त कक्षों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की बढ़ती शैक्षणिक जरूरतों को देखते हुए स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष और अन्य सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। मिशन स्कूल के एक सदी से अधिक लंबे शैक्षणिक सफर की सराहना करते हुए उन्होंने संस्था को शिक्षा के माध्यम से समाज की सेवा की समृद्ध परंपरा के लिए शुभकामनाएं दीं।

तिरंगे के सम्मान और नशामुक्ति का संकल्प..

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को तिरंगा भेंट करते हुए राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान का संकल्प दिलाया गया। अमर अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का भी संकल्प लिया।

उन्होंने कहा कि देश की युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना आज बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी है। स्वस्थ, शिक्षित और संस्कारित युवा ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

शिक्षा ही विकसित भारत की मजबूत नींव..

अमर अग्रवाल ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए कहा कि उनका सपना था कि देश का प्रत्येक नागरिक शिक्षित और सक्षम बने। उन्होंने कहा कि आज शिक्षा और युवा सशक्तीकरण को लेकर किए जा रहे प्रयास उसी सोच को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षित और आत्मनिर्भर युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करना केवल एक परिवार के भविष्य को बेहतर बनाना नहीं है, बल्कि इससे पूरे समाज और राष्ट्र का भविष्य मजबूत होता है।

कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक सिंह, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य, शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्राचार्य, शिक्षक, पालक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।