इलाज से पहले बचाव की पहल : कोटा के गांवों में पहुंची स्वास्थ्य सुरक्षा की बड़ी मदद..

रोटरी ई-क्लब ने बांटी 1500 मच्छरदानियां और 500 क्लोरीन बोतलें, ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच के साथ मलेरिया-डेंगू और जलजनित बीमारियों से बचाव का दिया संदेश..

बिलासपुर। बारिश के मौसम में मच्छरजनित और जलजनित बीमारियों के बढ़ते खतरे के बीच रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड ने कोटा क्षेत्र के ग्रामीणों के बीच स्वास्थ्य सुरक्षा की पहल की। क्लब की ओर से कोटा ब्लॉक के औरापानी आंगनबाड़ी केंद्र में विशेष स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जरूरतमंद परिवारों को 1500 मच्छरदानियां और 500 क्लोरीन की बोतलें वितरित की गईं। साथ ही ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए।

कार्यक्रम का उद्देश्य केवल जरूरतमंद परिवारों तक स्वास्थ्य सामग्री पहुंचाना ही नहीं, बल्कि ग्रामीणों को मलेरिया, डेंगू और अन्य मच्छरजनित बीमारियों के साथ-साथ दूषित पानी से होने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक करना भी था।

मच्छरों से बचाव के साथ सुरक्षित पानी का संदेश..

स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में ग्रामीणों को बताया गया कि बारिश के मौसम में आसपास पानी जमा होने से मच्छरों के पनपने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में मच्छरदानी का नियमित उपयोग, घर और आसपास सफाई रखना तथा पानी जमा न होने देना बेहद जरूरी है। इसी तरह दूषित या असुरक्षित पानी कई तरह की जलजनित बीमारियों का कारण बन सकता है। ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए क्लोरीन के उपयोग से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी गई।

स्वास्थ्य जांच और डायग्नोस्टिक कैंप भी लगा..

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य जांच एवं डायग्नोस्टिक कैंप का भी आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई और जरूरत के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। इससे ग्रामीणों को अपने स्वास्थ्य की जांच कराने के साथ-साथ बीमारी की स्थिति में समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में एसडीएम कोटा प्रवेश पैकरा और सीएमएचओ बिलासपुर डॉ. शुभा गरेवाल ने भी सहभागिता की। उन्होंने रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड के सेवा प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता और बीमारी की रोकथाम के लिए इस तरह के प्रयास महत्वपूर्ण हैं। कार्यक्रम को बीपीएम श्वेता, मलेरिया नोडल अधिकारी श्री वैष्णव एवं तहसीलदार राहुल साहू का भी महत्वपूर्ण सहयोग मिला।

ग्रामीण स्वास्थ्य को लेकर लगातार काम करने का संकल्प..

रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड के अध्यक्ष रोटेरियन प्रमोद अग्रवाल ने कहा कि केवल बीमारी का इलाज करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि बीमारी से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करना और जरूरत के अनुसार आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना भी उतना ही जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्रों में समय रहते जागरूकता पहुंचने से कई बीमारियों की रोकथाम की जा सकती है। उन्होंने कहा कि क्लब भविष्य में भी जरूरतमंद लोगों के लिए स्वास्थ्य, जागरूकता और सेवा से जुड़े कार्य जारी रखेगा।

रोटरी टीम ने निभाई सक्रिय भूमिका..

कार्यक्रम में रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड के अध्यक्ष रोटेरियन प्रमोद अग्रवाल, सचिव रोटेरियन रौनक साव गुप्ता और कोषाध्यक्ष रोटेरियन विमलेश अग्रवाल सहित रोटेरियन डॉ. सुनील केडिया, डॉ. मनोज राय, पीयूष गुप्ता, चरनजीत गंभीर, डॉ. सिद्धार्थ वर्मा, शैलेश अग्रवाल, अखिलेश अग्रवाल, शरद अग्रवाल, अविनाश अग्रवाल एवं नितेश अग्रवाल उपस्थित रहे।

क्लब के सदस्यों ने वितरण कार्य से लेकर स्वास्थ्य जागरूकता और कैंप की व्यवस्थाओं में सक्रिय सहभागिता निभाई। इस सेवा प्रकल्प को सफल बनाने में क्लब के सदस्यों का आर्थिक सहयोग और सामूहिक भागीदारी महत्वपूर्ण रही।

1500 परिवारों तक पहुंची सुरक्षा की पहल..

मच्छरदानियों और क्लोरीन का वितरण ग्रामीण परिवारों के लिए सीधे उपयोग में आने वाली स्वास्थ्य सुरक्षा सामग्री के रूप में महत्वपूर्ण है। खासकर बारिश के मौसम में मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों के खतरे को देखते हुए मच्छरों से बचाव और स्वच्छ पानी के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। रोटरी ई-क्लब का यह प्रयास ग्रामीणों को ‘इलाज से बेहतर बचाव’ का संदेश देने के साथ स्वास्थ्य के प्रति सामुदायिक भागीदारी की मिसाल भी बना।