बिलासपुर की बेटियों का राष्ट्रीय मंच पर कमाल, विज्ञान के दम पर बढ़ाया बिलासपुर और छत्तीसगढ़ का मान..

INSPIRE MANAK (NLPEC 2024-25) के राष्ट्रीय स्तर के लिए दो छात्राओं का चयन, एक ने बनाया ‘स्मार्ट बैग’ तो दूसरी ने तैयार किया थूकने पर अलार्म बजाने वाला सिस्टम..

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड की दो छात्राओं ने अपनी वैज्ञानिक सोच और नवाचार से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) की प्रतिष्ठित INSPIRE MANAK (National Level Exhibition and Project Competition-2024-25) के राष्ट्रीय स्तर के लिए बिल्हा ब्लॉक की दो छात्राओं का चयन हुआ है। यह उपलब्धि न केवल उनके विद्यालयों बल्कि पूरे बिलासपुर जिले और छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। खास बात यह है कि दोनों छात्राओं ने ऐसे नवाचार विकसित किए हैं, जो आम लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान प्रस्तुत करते हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर चयनित छात्राओं में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिजौर की छात्रा तृषा कुमारी कमलेश और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवरीखुर्द की छात्रा रेणुका धनुहार शामिल हैं। दोनों ने अपने-अपने अभिनव प्रोजेक्ट के माध्यम से वैज्ञानिक सोच, सामाजिक सरोकार और तकनीकी समझ का उत्कृष्ट परिचय दिया है।

तृषा कुमारी कमलेश ने ‘WeatherGuard SmartBag’ नाम का प्रोजेक्ट तैयार किया है। यह ऐसा स्मार्ट बैग है, जो बारिश, नमी और खराब मौसम से विद्यार्थियों की किताबों, कॉपियों और अन्य जरूरी शैक्षणिक सामग्री को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर बारिश के दौरान बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। ऐसे में यह नवाचार विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकता है।

वहीं देवरीखुर्द की छात्रा रेणुका धनुहार ने ‘Wallmounted Spit Detection and Alarm System’ विकसित किया है। यह सिस्टम सार्वजनिक स्थानों पर थूकने जैसी अस्वच्छ आदतों पर रोक लगाने के उद्देश्य से बनाया गया है। इसमें दीवार पर दो गैल्वेनाइज्ड आयरन की जालियां लगाई जाती हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति थूकता है और लार दोनों जालियों को जोड़ती है, सर्किट पूरा हो जाता है और तुरंत तेज अलार्म बजने लगता है। इससे संबंधित व्यक्ति को तत्काल चेतावनी मिलती है और आसपास मौजूद लोग भी स्वच्छता के प्रति जागरूक होते हैं। भविष्य में इस मॉडल को बस स्टैंड, स्कूल, अस्पताल और सरकारी कार्यालयों जैसे सार्वजनिक स्थानों पर उपयोग करने की योजना है।

INSPIRE MANAK योजना देशभर के स्कूली विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए संचालित की जाती है। योजना के तहत चयनित प्रत्येक विद्यार्थी को अपने मॉडल या प्रोटोटाइप के विकास के लिए 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से प्रदान की जाती है। वहीं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने वाले विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक एवं तकनीकी संस्थानों के विशेषज्ञों से मेंटरशिप, तकनीकी मार्गदर्शन और आवश्यक वित्तीय सहयोग भी मिलता है। अंतिम चरण में उत्कृष्ट नवाचारों को उत्पाद विकास, पेटेंट और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदर्शित करने का अवसर भी मिलता है।

इस उपलब्धि पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र कौशिक, INSPIRE Award प्रभारी मुकेश अग्रवाल, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी दीप्ति गुप्ता, देव्रीखुर्द विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती परगनिया, बिजौर विद्यालय के प्राचार्य सी.के. धृतलहरे, समन्वयकों तथा समस्त शिक्षक परिवार ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बिलासपुर और छत्तीसगढ़ का नाम पूरे देश में रोशन करेंगी।

बिल्हा ब्लॉक की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि यदि विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन और अवसर मिले तो ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में मिली यह उपलब्धि निश्चित रूप से जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी और शिक्षा विभाग के नवाचार आधारित प्रयासों को नई दिशा देगी।