सिरगिट्टी के बन्नाक चौक के पास रिहायशी इलाके में चल रहे अवैध गोदाम पर कार्रवाई..4610 लीटर कीटनाशक और 9611 किलो जैव उत्प्रेरक खाद जब्त, पैकिंग के लिए रखी खाली बाल्टियां भी मिली..

राजकिशोर नगर के मनीष सिंह ने किराए पर लिया था गोदाम, बिना अनुज्ञा चल रहा था व्यापार..कृषि विभाग ने जब्ती कर बिक्री पर लगाया प्रतिबंध, जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए नमूने..
बिलासपुर। बिलासपुर जिले में कृषि विभाग के जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल ने अवैध रसायनों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कलेक्टर और कृषि संचालक (रायपुर) के निर्देशों का पालन करते हुए, विभागीय टीम ने सिरगिट्टी क्षेत्र में बन्नाक चौक के समीप एक अवैध गोदाम पर छापा मारा। यहां से 14 हजार किलो और लीटर से अधिक मात्रा में कीटनाशक दवाएं तथा जैव उत्प्रेरक खाद बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान दल ने भारी मात्रा में खाली बाल्टियां भी जब्त की हैं, जिससे अंदेशा है कि यहां नकली खाद की पैकिंग कर उसे बाजार में खपाने की तैयारी थी।
ऊपर चल रहा होटल, नीचे जहर का गोदाम..
इस पूरी कार्रवाई में सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात गोदाम का स्थान रहा। यह अवैध भंडारण एक दो मंजिला इमारत के प्रथम तल पर किया जा रहा था। इस बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग है, जबकि दूसरे तल पर ‘गोल्डन स्टे होटल’ संचालित हो रहा है। शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्र में और चालू होटल के ठीक नीचे इतनी भारी मात्रा में कृषि रसायनों का भंडारण किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था। जांच में पाया गया कि इस प्रथम तल के गोदाम को राजकिशोर नगर निवासी मनीष सिंह (पिता सूरजभान सिंह) ने किराए पर ले रखा था।
14 हजार लीटर/किलो से ज्यादा का स्कंध जब्त..
उड़नदस्ते की सघन जांच के दौरान मौके से 4610 लीटर कीटनाशक और पौध संरक्षण दवाएं मिलीं। इसके साथ ही 9611 किलोग्राम जैव उत्प्रेरक खाद भी बरामद की गई। कुल मिलाकर 14000 से अधिक मात्रा में रसायन और खाद का अवैध भंडारण किया गया था। टीम को मौके से 10 किलो क्षमता वाली खाली बाल्टियों का जखीरा भी मिला है। इन बाल्टियों का उपयोग नकली खाद भरकर किसानों को बेचने के लिए किए जाने की आशंका पर दल ने इन्हें भी अपने कब्जे में ले लिया है।
बिना लाइसेंस चल रहा था कारोबार, दो कंपनियों का मिला माल..
गोदाम में मुख्य रूप से दो कंपनियों की सामग्री का स्टॉक पाया गया है, जिनमें राजकोट (गुजरात) की ग्रीन वुड एग्रीकेम और रायपुर की तेज एग्रो सॉल्यूशन शामिल हैं। कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गोदाम संचालक मनीष सिंह ने कीटनाशक और खाद के भंडारण या बिक्री के लिए उप संचालक कृषि कार्यालय से कोई अनुज्ञा नहीं ली थी। इस संबंध में विभाग को पहले कोई सूचना या आवेदन भी नहीं दिया गया था।
बिक्री पर लगी रोक, लैब भेजे गए सैंपल..
सामग्री के नकली होने की आशंका के चलते उड़नदस्ता दल ने प्रथम दृष्टया सभी कीटनाशकों और खादों के नमूने ले लिए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। विभाग की टीम ने दिनभर चली इस कार्रवाई में पूरे स्टॉक को जब्त कर लिया है और इसकी बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
उप संचालक कृषि पी.डी. हथेश्वर ने बताया कि जिले में किसानों को नकली सामग्री से बचाने और अवैध बिक्री रोकने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इस छापामार कार्रवाई में उप संचालक के साथ सहायक संचालक कृषि अनिल शुक्ला, उर्वरक निरीक्षक आर.एस. गौतम, विजय धीरज, खेमराज शर्मा, उमेश कश्यप और बिल्हा विकासखंड के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।







