किन्नर समाज में गुरू-चेला की फीस विवाद पर साथी किन्नर की हत्या : 10 हजार सालाना की मांग नहीं मानी तो उतारा मौत के घाट..

सकरी थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने चंद घंटों में आरोपी रिया को किया गिरफ्तार..मछली और शराब की पार्टी के दौरान शुरू हुआ था गुरू-चेला बनाने का विवाद..रात के वक्त पैदल जाते समय बस स्टॉप के पास दिया वारदात को अंजाम..

बिलासपुर । शहर के सकरी थाना क्षेत्र में किन्नर समाज के बीच चलने वाली गुरू-चेला प्रथा और उसमें होने वाली पैसों की लेन-देन विवाद पर एक किन्नर की हत्या कर दी गई।सालाना 10 हजार और महीने के 2 हजार रुपए की मांग पर उपजे विवाद में एक किन्नर ने अपनी ही साथी की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार लिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम रिया उर्फ राकेश (24 वर्ष) है, जो मूल रूप से मुंगेली जिले का रहने वाला है जो फिलहाल जोकी ओवरब्रिज के पास रह रहा था।

शराब और मछली की पार्टी के दौरान हुआ विवाद..

जानकारी के मुताबिक, मृतक किन्नर तन्नू खान दिल्ली निवासी अपनी दोस्त वर्षा जान और जोकी निवासी मीरा उर्फ आशीष के साथ 20 जुलाई की दोपहर इकट्ठा हुई थी। तीनों मीरा के बुलावे पर उसके घर जोकी जाने के लिए निकले थे। रास्ते में उन्हें रिया उर्फ राकेश मिली, जिसे मीरा ने पार्टी करने के लिए अपने साथ घर बुला लिया। कुछ देर बाद तन्नू और रिया तालापारा के एक अस्पताल में अपनी बड़ी मां को देखकर वापस लौटे, तो साथ में देसी शराब और मछली लेकर आए। तन्नू ने मछली बनाई और फिर चारों ने मिलकर खाया-पीया।

मुझे गुरू बनाओ, वरना कमाने-खाने नहीं दूंगी..

पार्टी के दौरान तन्नू ने रिया से पूछा कि उसका गुरू कौन है। दरअसल, किन्नर समाज में चेले को अपने गुरू को हर साल 10 हजार रुपए और हर महीने 2 हजार रुपए की तय रकम देनी होती है। तन्नू दबाव बनाने लगी कि रिया उसे अपना गुरू मान ले। तन्नू ने धमकी दी कि अगर वह ऐसा नहीं करेगी तो वह उसे इलाके में मांगने और खाने नहीं देगी। इस पर रिया ने कहा कि न उसका कोई गुरू है और न ही वह किसी की चेली है। वह खुद अपनी गुरू-चेला है और किसी को कोई पैसा नहीं देगी।

समझाइश का नहीं हुआ असर, रास्ते में ले ली जान..

बातचीत इतनी बिगड़ गई कि दोनों के बीच तीखी झड़प हो गई । मीरा और वर्षा ने उन्हें शांत कराने की कोशिश की। उन्होंने तालापारा के राजा किन्नर को फोन लगाकर भी बात कराई, लेकिन तन्नू शांत नहीं हुई। उसने चुनौती दी कि वह तालापारा में कमा कर दिखाए। तन्नू ने रिया को अपने गुरू राजा के पास चलने को कहा। रिया भी यह कहते हुए साथ निकल गई कि चलते हैं, ज्यादा से ज्यादा दो-चार झापड़ ही मार लोगे।

दोनों जोकी से तालापारा के लिए पैदल निकल गए। इधर काफी देर तक दोनों का पता नहीं चला और तन्नू का फोन नहीं लगा, तो मीरा और वर्षा ने खोजबीन की। मामला पुलिस तक पहुंचा और पूछताछ में आरोपी रिया ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि 21 जुलाई की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच नेशनल हाईवे 130 पर दलदलिहापारा बस स्टॉप के पास उसने तन्नू खान का गला दबाकर उसे मार डाला।

आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल..

सकरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 684/2026 और बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी रिया की निशानदेही पर मृतक तन्नू का मोबाइल, चार्जर और चप्पल बरामद कर लिया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश कर दिया है।