रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को सदन की सबसे बड़ी राजनीतिक चर्चा अविश्वास प्रस्ताव को लेकर रहेगी। कांग्रेस विष्णुदेव साय सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करेगी। राज्य गठन के बाद विधानसभा में यह 10वां अविश्वास प्रस्ताव होगा। इससे पहले भी 9 बार अलग-अलग सरकारों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए गए, लेकिन हर बार संबंधित सरकारें सदन में बहुमत साबित करने में सफल रही हैं।

सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद अविश्वास प्रस्ताव से जुड़ी जरूरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष इस पर चर्चा के लिए दिन तय करेंगे। चर्चा के दौरान विपक्ष सरकार के कामकाज और फैसलों पर सवाल उठाएगा, जबकि सरकार अपनी योजनाओं और कामों का पक्ष रखेगी। बहस पूरी होने के बाद प्रस्ताव पर मतदान होगा। यदि सरकार के पक्ष में बहुमत रहता है तो प्रस्ताव अपने आप गिर जाएगा।
इस बार कांग्रेस ने सरकार को कई मुद्दों पर घेरने की तैयारी की है। पार्टी नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और प्रशासन से जुड़े मामलों को लेकर सरकार से जवाब मांगेगी। सत्ता पक्ष अपनी योजनाओं, विकास कार्यों और पिछले समय में किए गए कामों का ब्यौरा सदन में रखेगा।
विधानसभा में संख्या बल सरकार के पक्ष में है। भाजपा के 54 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास 35 सदस्य हैं। एक विधायक गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के हैं। ऐसे में अविश्वास प्रस्ताव के पास होने की संभावना नहीं मानी जा रही है। राजनीतिक नजर से यह प्रस्ताव इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इसके जरिए सरकार और विपक्ष दोनों को अपने पक्ष रखने का मौका मिलेगा।
अविश्वास प्रस्ताव के साथ मंगलवार का प्रश्नकाल भी कई मुद्दों को लेकर चर्चा में रहेगा। अलग-अलग विभागों से जुड़े सवालों के जवाब सरकार को देने होंगे। जल जीवन मिशन, पेयजल व्यवस्था, औद्योगिक दुर्घटनाएं, शराब दुकानें, सरकारी आयोजनों में खर्च और प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों के खाली पदों को लेकर सरकार से जानकारी मांगी जाएगी।
भाजपा विधायक भैय्यालाल राजवाड़े जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने और पानी की टंकियों के निर्माण का मामला उठाएंगे। पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अजय चंद्राकर रायपुर शहर में अमृत मिशन और जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति को लेकर सवाल करेंगे।
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत प्रदेश में हुई औद्योगिक दुर्घटनाओं की जांच का मुद्दा सदन में रखेंगे। कांग्रेस विधायक विद्यावती सिदार प्रदेश में संचालित शराब दुकानों को लेकर सरकार से जवाब मांगेंगी। कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव बिलासपुर जिले में सरकारी आयोजनों पर हुए खर्च का मामला उठाएंगे। विधायक राघवेंद्र सिंह प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों के खाली पदों पर सरकार का पक्ष जानना चाहेंगे।
कार्यसूची के अनुसार मंगलवार को सदन में विभिन्न विभागों से जुड़े शासकीय कामकाज, प्रस्ताव और अन्य विधायी कार्य भी लिए जाएंगे। ऐसे में अविश्वास प्रस्ताव के साथ प्रश्नकाल की चर्चा भी पूरे दिन विधानसभा की कार्यवाही का केंद्र बनी रहेगी।






