बिलासपुर। शिवभक्तों के लिए आस्था का महापर्व सावन इस साल 30 जुलाई से शुरू हो रहा है। भगवान शिव की आराधना का यह दौर 28 अगस्त तक चलेगा। करीब एक महीने के इस पवित्र मास में इस बार कुल 4 सोमवार पड़ेंगे। खास बात यह है कि इस साल सावन में कई विशेष योग बन रहे हैं। शहर के शिवालयों में अभी से रुद्राभिषेक और विशेष शृंगार के लिए श्रद्धालुओं ने बुकिंग शुरू कर दी है।

इस बार सावन में 10 अगस्त को दूसरे सोमवार के साथ प्रदोष व्रत का शुभ संयोग बन रहा है। वहीं, 17 अगस्त को तीसरे सावन सोमवार के दिन ही नाग पंचमी का पर्व मनाया जाएगा। शिव और नाग देवता की एक साथ आराधना का यह अद्भुत योग श्रद्धालुओं के लिए बेहद खास रहेगा। इसके अलावा सावन की शिवरात्रि 11 अगस्त को मनाई जाएगी।
शहर के मंदिरों में दर्शन और रुद्राभिषेक की तैयारियां तेज..
सावन को देखते हुए शहर के प्रमुख मंदिरों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। मध्यनगरीय अष्टमुखी शिव मंदिर, सदर बाजार के लक्ष्मी नारायण मंदिर, सरकंडा स्थित पीतांबरा पीठ और नंदीश्वर मंदिर में भगवान शिव के विशेष पूजन की व्यवस्था की जा रही है। सावन सोमवार पर मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है, जिसे देखते हुए मंदिर समितियां बैठकें कर सुगम दर्शन और भीड़ प्रबंधन की रूपरेखा तैयार कर रही हैं।
12 को हरियाली अमावस्या, पौधे रोपेंगी महिलाएं..
सावन मास में 12 अगस्त को हरियाली अमावस्या मनाई जाएगी। इसे प्रकृति के प्रति आभार जताने और पितरों की शांति के लिए खास माना जाता है। इस दिन परंपरानुसार महिलाएं शहर के बाग-बगीचों में पेड़ों के नीचे भोजन करेंगी और भोगिशैल परिक्रमा के मंदिरों में दर्शन करेंगी। इस दिन पीपल, बरगद, नीम, आंवला और तुलसी के पौधे लगाने का विशेष महत्व है।
सूर्य और चंद्रग्रहण का सूतक नहीं, 28 को मनेगी राखी..
व्यंकटेश मंदिर के महंत डॉ. कौशलेंद्र प्रपन्नाचार्य ने बताया कि 12 अगस्त को पूर्ण सूर्यग्रहण और 28 अगस्त को आंशिक चंद्रग्रहण है। लेकिन दोनों ही ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देंगे, इसलिए इनका सूतक काल मान्य नहीं होगा। मंदिरों में पूजा-पाठ रोजाना की तरह नियमित रूप से चलेंगे। सावन का समापन 28 अगस्त को रक्षाबंधन के साथ होगा।
श्रावण पूर्णिमा 27 अगस्त की सुबह 9.09 बजे से शुरू होकर 28 अगस्त सुबह 9.48 बजे तक रहेगी। उदय तिथि के आधार पर राखी का पर्व 28 अगस्त को ही मनाया जाएगा।
एक नजर में सावन की प्रमुख तिथियां :
30 जुलाई : श्रावण मास प्रारंभ
3 अगस्त : पहला सावन सोमवार
10 अगस्त : दूसरा सोमवार व प्रदोष व्रत
11 अगस्त : सावन शिवरात्रि
12 अगस्त : हरियाली अमावस्या, सूर्यग्रहण (सूतक नहीं)
17 अगस्त: तीसरा सावन सोमवार, नाग पंचमी
24 अगस्त : चौथा व अंतिम सावन सोमवार
28 अगस्त : रक्षाबंधन, सावन पूर्णिमा व चंद्रग्रहण (सूतक नहीं)







