CCTV में कैद हुई वारदात, इलाके में दहशत; अपहृत व्यवसायी की तलाश में जुटी पुलिस..

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम उषाढ में शनिवार को दिनदहाड़े हुए एक सनसनीखेज अपहरण ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले दो अज्ञात बदमाश एक व्यवसायी को पिस्टल की नोक पर जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और कारोबारी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
घर में आराम कर रहे थे व्यवसायी, तभी पहुंची संदिग्ध कार..
जानकारी के अनुसार ग्राम उषाढ निवासी गिरीश यादव इलाके के जाने-माने व्यवसायी हैं। वे किराना दुकान, छड़-सीमेंट और आटा चक्की का कारोबार संचालित करते हैं। शनिवार सुबह करीब 11 बजे वे अपने घर के गलियारे में आराम कर रहे थे, जबकि उनका बेटा पंकज यादव दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान नीले रंग की एक कार वहां आकर रुकी। कार से उतरे दो युवक सीधे दुकान पहुंचे और पंकज यादव से गिरीश यादव के बारे में पूछताछ करने लगे। इसके बाद दोनों युवक घर के अंदर पहुंच गए।
खुद को पुलिस बताकर की पूछताछ..
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और गिरीश यादव से पूछताछ शुरू कर दी। शुरुआत में परिवार को लगा कि कोई सामान्य जांच या पूछताछ चल रही है, लेकिन कुछ ही देर में मामला पूरी तरह बदल गया।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने अचानक पिस्टल निकाल ली और गिरीश यादव को धमकाते हुए जबरन कार में बैठा लिया। परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी कारोबारी को लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद मचा हड़कंप..
दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। परिजनों ने तुरंत मरवाही थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। व्यवसायी की पत्नी दुर्गा यादव ने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज में दिखे संदिग्ध.. देखें वीडियो..
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। शुरुआती जांच में संदिग्ध कार और आरोपियों की गतिविधियां कैमरे में दिखाई दी हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
कई पहलुओं पर जांच..
पुलिस इस मामले को कई एंगल से जांच रही है। प्रारंभिक जांच में कारोबारी रंजिश, लेन-देन और योजनाबद्ध अपहरण जैसे पहलुओं को भी ध्यान में रखा जा रहा है। वहीं पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी वास्तव में किसी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।
इलाके में बढ़ी चिंता..
दिनदहाड़े इस तरह की वारदात ने ग्रामीणों और व्यापारियों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। लोगों का कहना है कि पुलिस बनकर आए बदमाशों ने जिस तरह खुलेआम अपहरण किया, उससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की जल्द पहचान कर कारोबारी को सकुशल बरामद करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मामले से जुड़े हर सुराग पर गंभीरता से जांच की जा रही है।
बाइट – मरवाही पुलिस / गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला पुलिस







