वायरल वीडियो पर नया मोड़ : थकान के चलते सोया था आरक्षक, नशे की चर्चा पर उठे रहे सवाल..

बिलासपुर। सोशल मीडिया पर सिविल लाइन थाना परिसर का एक वीडियो वायरल होने के बाद जिस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं, उसमें अब नया पक्ष सामने आया है। जानकारी के अनुसार वीडियो में दिखाई दे रहे आरक्षक के संबंध में यह स्पष्ट किया गया है कि वह नशे की हालत में नहीं था, बल्कि लगातार ड्यूटी और अत्यधिक थकान के कारण थाना परिसर में आराम करते हुए सो गया था।

वायरल वीडियो में आरक्षक को जमीन पर लेटा हुआ देखा गया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे शराब सेवन से जोड़कर प्रसारित करना शुरू कर दिया।

हालांकि विभागीय सूत्रों का कहना है कि वीडियो को लेकर जो दावे किए जा रहे हैं, वे तथ्यों पर आधारित नहीं हैं और बिना पुष्टि के कई तरह की बातें प्रचारित की गईं।

बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों को कई बार लंबे समय तक लगातार ड्यूटी करनी पड़ती है। कानून व्यवस्था, वीआईपी ड्यूटी, त्योहारों और विशेष अभियानों के दौरान जवानों को पर्याप्त आराम नहीं मिल पाता। ऐसे में थकान के कारण ड्यूटी के दौरान या बाद में कुछ समय के लिए आराम करना असामान्य नहीं माना जाता।

मामले को लेकर यह भी कहा जा रहा है कि वायरल वीडियो का समय और परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हैं। इसलिए केवल एक वीडियो के आधार पर किसी पुलिसकर्मी के खिलाफ निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। पुलिस अधिकारियों द्वारा भी मामले की वस्तुस्थिति की जांच की जा रही है ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें।

स्थानीय लोगों का मानना है कि सोशल मीडिया पर किसी भी वीडियो या तस्वीर को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करना आवश्यक है। अपुष्ट जानकारी कई बार किसी व्यक्ति की छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा सकती है।

बाइट – एडिशनल एस.पी. पंकज कुमार पटेल

फिलहाल, उपलब्ध जानकारी के अनुसार आरक्षक के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार की अफवाह या निष्कर्ष से बचने की आवश्यकता है। पुलिस विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तथ्यों के आधार पर ही उचित निर्णय लिया जाएगा और यदि किसी प्रकार की गलत जानकारी प्रसारित की गई है तो उसकी भी समीक्षा की जाएगी।