

नेहरू चौक से दर्रीघाट फोरलेन का किया औचक निरीक्षण कोनी मोपका बायपास और जेल भवन निर्माण की भी की समीक्षा..

बिलासपुर। शहर में चल रहे सड़क और भवन निर्माण कार्यों की कछुआ चाल को लेकर लोक निर्माण विभाग के शीर्ष अधिकारियों ने अब कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। गुरुवार को पीडब्ल्यूडी सचिव मुकेश कुमार बंसल सीधे बिलासपुर पहुंचे और निर्माण कार्यों की मैदानी हकीकत परखी। उन्होंने शहर के सबसे व्यस्त और अहम नेहरू चौक से दर्रीघाट तक बन रहे 10 किलोमीटर लंबे फोरलेन सड़क निर्माण का मौके पर जाकर जायजा लिया। सचिव ने काम की मौजूदा गति पर असंतोष जताते हुए ठेकेदार और विभागीय अफसरों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
काम में लेटलतीफी पर कसे पेंच..
निरीक्षण के बाद सचिव ने विभागीय अफसरों की अहम बैठक ली। उन्होंने बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता अधीक्षण अभियंता और कार्यपालन अभियंताओं को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में लेटलतीफी अब बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि किसी भी प्रोजेक्ट की निविदा स्वीकृत होने के ठीक एक महीने के भीतर हर हाल में ग्राउंड पर काम शुरू हो जाना चाहिए। हर कार्य के विभिन्न चरणों के लिए एक निर्धारित समय सीमा होनी चाहिए। गुणवत्ता और समय सीमा में काम पूरा करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को ठेकेदारों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर रोजाना काम की मॉनिटरिंग करने की हिदायत दी गई।
इन प्रमुख प्रोजेक्ट्स का मांगा हिसाब..
बैठक के दौरान शहर के ट्रैफिक का दबाव कम करने वाले कोनी मोपका बायपास जयरामनगर रेलवे ओवरब्रिज और जयरामनगर सीपत रोड बायपास के निर्माण की प्रगति रिपोर्ट भी तलब की गई। इसके अलावा उच्च न्यायालय परिसर में बनने वाले ऑडिटोरियम नए जेल भवन और बोदरी में न्यायालयीन प्रकरणों में ओआईसी के लिए प्रस्तावित विश्राम भवन के निर्माण कार्यों की भी बारीकी से समीक्षा हुई। विभागीय सचिव ने नेशनल हाईवे के प्रोजेक्ट्स की भी अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।
सड़कें दिखनी चाहिए साफ और सुंदर..

सचिव बंसल ने केवल निर्माण पर ही नहीं बल्कि शहर के सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया। नेहरू चौक से दर्रीघाट सड़क के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अफसरों को निर्देश दिए कि सड़कों को केवल बनाना काफी नहीं है बल्कि उसे साफ सुंदर और सुव्यवस्थित रखना भी विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने डिवाइडर्स की दीवारों और ग्रिल्स का तत्काल रंग रोगन कराने का निर्देश दिया। इस उच्च स्तरीय बैठक में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल पीडब्ल्यूडी के प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी मुख्य अभियंता आरके रात्रे और अधीक्षण अभियंता केपी संत विशेष रूप से मौजूद रहे।



