हाईवे पर डीजल लूटपाट करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़..

बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्कॉर्पियो-ट्राइबर से वारदात करने वाले तीन शातिर आरोपी गिरफ्तार..

बिलासपुर। हाईवे किनारे खड़े ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल चोरी एवं लूटपाट की लगातार बढ़ रही घटनाओं के बीच बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने डीजल लूटपाट करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी रात के अंधेरे में स्कॉर्पियो और रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन से हाईवे पर खड़े भारी वाहनों को निशाना बनाते थे और मौका मिलते ही डीजल टंकियां तोड़कर हजारों रुपये का डीजल चोरी कर फरार हो जाते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो और रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन, एक धारदार चाकू, नगदी रकम तथा 74 लीटर डीजल बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान भी कर ली गई है और पूरे सिंडिकेट को जल्द ध्वस्त किया जाएगा।

ऐसे करते थे वारदात..

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी देर रात हाईवे किनारे खड़े ट्रकों और ट्रेलरों की रेकी करते थे। इसके बाद सुनसान जगह देखकर वाहन की डीजल टंकी तोड़कर ड्रम में डीजल भर लेते थे। विरोध करने पर चालक और हेल्परों के साथ मारपीट भी करते थे। थाना सिरगिट्टी और कोनी क्षेत्र में हाल ही में हुई कई वारदातों में इसी गिरोह का हाथ सामने आया है।

तीन बड़ी घटनाओं से खुला राज..

पुलिस के अनुसार 18 मई 2026 को सिरगिट्टी स्थित बेवरेज कॉर्पोरेशन के सामने खड़े वाहन से आरोपी डीजल चोरी कर रहे थे। जब वाहन चालक ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की।

इसके बाद 24 मई को कोनी क्षेत्र में ट्रेलर क्रमांक CG 10 BL 8136 की डीजल टंकी तोड़कर करीब 100 लीटर डीजल लूट लिया गया। आरोपी डीजल को ड्रम में भरकर सफेद स्कॉर्पियो वाहन से फरार हो गए थे। वहीं 28 मार्च 2026 को सेंदरी के पास नेशनल हाईवे किनारे खड़े ट्रेलर से करीब 270 लीटर डीजल चोरी किया गया था। इन घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिसके बाद गिरोह तक पहुंचना संभव हुआ।

तकनीकी जांच और सीसीटीवी से पुलिस को मिली सफलता..

लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू और थाना सिरगिट्टी पुलिस की संयुक्त विशेष टीम बनाई गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और पुराने अपराध रिकॉर्ड का गहन विश्लेषण किया। अलग-अलग स्थानों पर लगातार दबिश देकर आखिरकार तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी..

संजय कुमार कुर्रे, निवासी बगडबरी, जिला जांजगीर-चांपा

मणीशंकर कुर्रे, निवासी बगडबरी, जिला जांजगीर-चांपा

अमित भारद्वाज, निवासी बगडबरी, जिला जांजगीर-चांपा

कई जिलों में फैला था नेटवर्क..

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर बेमेतरा, बलौदाबाजार, कवर्धा, महासमुंद, रायगढ़, कोरबा, सकरी बायपास, सरगांव, जांजगीर और बिलासपुर के कोनी हाईवे क्षेत्र सहित कई इलाकों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।

पुलिस ने बरामद किए अहम सबूत..

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से – स्कॉर्पियो वाहन,रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन,धारदार चाकू,कुल 2600 रुपये नगद, 74 लीटर डीजल जप्त किया है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी..

पुलिस के मुताबिक गिरोह के कई अन्य सदस्य अभी फरार हैं। उनकी पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे सिंडिकेट को जल्द खत्म कर दिया जाएगा। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।