सांसद बृजमोहन का रौद्र रूप : ‘सांसद को कितना पैसा देते हो?’, सुशासन तिहार में मंच से ही नायब तहसीलदार की लगाई क्लास..अफसरों को 3 दिन का अल्टीमेटम..

रायपुर। राजधानी रायपुर के आरंग इलाके में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ में सांसद बृजमोहन अग्रवाल का कड़ा तेवर देखने को मिला। ग्रामीणों से मिल रही लगातार शिकायतों पर सांसद इस कदर भड़के कि उन्होंने मंच से ही समोदा के नायब तहसीलदार गजानंद सिदार की जमकर क्लास लगा दी। सरेआम फटकार लगाते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने अधिकारी से सीधे पूछ लिया कि – “जनता से किसको पैसे देने की बात करते हो? सांसद जी को कितना पैसा दिए जो जनता को बोलते हो?”

मंच पर ही खुली कामकाज की पोल..

दरअसल, शुक्रवार को आरंग थाना क्षेत्र के नगर पंचायत समोदा स्थित हाई स्कूल मैदान में ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय समोदा में पदस्थ नायब तहसीलदार गजानंद सिदार की कार्यशैली के खिलाफ सांसद के सामने शिकायतों का अंबार लगा दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि राजस्व संबंधी मामलों में जानबूझकर अनावश्यक लेटलतीफी की जा रही है और तहसील में पैसों के लेन-देन के बिना काम नहीं हो रहा है।

‘तुम्हारा अभिनंदन करें या क्या करें, बताओ?’

जनता की शिकायतें और पैसों की मांग में अपना नाम उछाले जाने की बात सुनकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने मंच से ही माइक पर नायब तहसीलदार को तलब किया और कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारी को कामकाज सुधारने और जनता के प्रति व्यवहार ठीक करने की नसीहत देते हुए कहा – “सबसे ज्यादा शिकायत तुम्हारी ही आती है। अब तुम्हारा अभिनंदन करें या क्या करें, बताओ?”

अतिरिक्त कलेक्टर और SDM को 3 दिन का समय..

मामले में केवल फटकार ही नहीं लगाई गई, बल्कि सांसद ने मौके पर ही प्रशासनिक अफसरों को कड़े निर्देश भी दिए। मंच पर मौजूद अतिरिक्त कलेक्टर कीर्तिमान राठौर और एसडीएम अभिलाषा पैकरा को निर्देशित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि नायब तहसीलदार कार्यालय में लंबित सभी राजस्व प्रकरणों की बारीकी से समीक्षा की जाए और तीन दिनों के भीतर इसकी विस्तृत रिपोर्ट उनके समक्ष प्रस्तुत की जाए।