दुर्ग में दर्दनाक हादसा : सिलिंडर ब्लास्ट से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, मासूम बच्ची भी चपेट में..

दुर्ग/कुम्हारी। दुर्ग जिले के कुम्हारी क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। वार्ड क्रमांक-4 स्थित एक मकान में अचानक आग लगने के बाद घरेलू गै सिलिंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना भयावह था कि घर के भीतर मौजूद चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक साल की मासूम बच्ची भी शामिल है।

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। मौके पर जिला अग्निशमन विभाग की टीम, पुलिस बल और SDRF की टीम पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई।

बताया जा रहा है कि घर में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने के बाद अंदर रखा गैस सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे पूरा मकान आग और धुएं की चपेट में आ गया। हादसे के दौरान घर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया।

मौके पर SDRF कमांडेंट नागेंद्र सिंह और कुम्हारी थाना पुलिस की टीम ने स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के नाम..

अनिल वैष्णव (45 वर्ष)

चांदनी वैष्णव (18 वर्ष)

लक्ष्मी वैष्णव (20 वर्ष)

गोपिका वैष्णव (1 वर्ष)

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने की बात कही जा रही है।