

जांजगीर-चांपा। जिले के औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज प्लांट में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। प्लांट के फर्नेस में अचानक तकनीकी खराबी आने से वह पंचर हो गया, जिसके चलते अंदर मौजूद पिघला हुआ लोहा बाहर निकलने लगा। इस घटना से प्लांट परिसर में कुछ समय के लिए हड़कंप और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

घटना की जानकारी मिलते ही प्लांट प्रबंधन और सुरक्षा टीम तुरंत सक्रिय हो गई। टीम ने तेजी से काम करते हुए स्थिति को काबू में कर लिया, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी भी मजदूर या कर्मचारी के घायल होने की खबर नहीं है।
प्रबंधन के अनुसार, यह एक सामान्य तकनीकी खराबी थी, जिसके कारण फर्नेस में पंचर हुआ और पिघले लोहे का रिसाव शुरू हो गया। एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए उत्पादन कार्य रोक दिया गया था।
फिलहाल प्लांट में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और फर्नेस की मरम्मत का काम जारी है। इस घटना को लेकर आसपास के क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, लेकिन किसी भी तरह की जनहानि या बड़े हादसे से साफ इनकार किया गया है।



