

बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। रतनपुर पुलिस और एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 245 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 22 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक मारुति अर्टिगा कार (क्रमांक CG 04QD 7255) में भारी मात्रा में अवैध गांजा कटघोरा से बिलासपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे स्थित नवापारा चौक के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार से 245 किलो गांजा बरामद किया गया। साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त वाहन (कीमत लगभग 8 लाख रुपये), एक मोबाइल फोन और दो नंबर प्लेट भी जब्त की गईं। कुल जब्ती की कीमत करीब 1 करोड़ 30 लाख 56 हजार रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार केवट (33 वर्ष), निवासी भुतहीटोला, थाना बुढार, जिला शहडोल और नीरज शुक्ला (30 वर्ष), निवासी भदरा कालरी, थाना भालूमाड़ा, जिला अनूपपुर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।
पूछताछ और मोबाइल कॉल डिटेल की जांच के आधार पर दूसरे आरोपी की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में रतनपुर थाना प्रभारी सहित एसीसीयू और पुलिस टीम के कई अधिकारियों एवं जवानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।



