दुकानदारों का मोबाइल मांगकर लेता था लोन, फिर अपने खाते में करता था ट्रांसफर ; मल्हार पुलिस ने चंद घंटों में शातिर ठग को किया गिरफ्तार..

किराना दुकानदारों को बनाता था निशाना, बैंक में पूछताछ करने पर खुला ठगी का राज..

महज चंद घंटों में पुलिस की गिरफ्त में आया 32 वर्षीय शातिर ठग गोपी कश्यप..

80 हजार रुपये की ठगी का हुआ खुलासा, पेटीएम बॉक्स सुधारने के नाम पर करता था फ्रॉड..

बिलासपुर। ग्रामीण इलाकों में किराना दुकान चलाने वाले भोले-भाले दुकानदारों को अपनी ठगी का शिकार बनाने वाले एक शातिर ठग को बिलासपुर की मल्हार चौकी (मस्तूरी थाना) पुलिस ने चंद घंटों के भीतर ही गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी इतना शातिर था कि वह ग्रामीण दुकानदारों से उनका मोबाइल फोन मांगता था और उनके नाम पर ऑनलाइन लोन सैंक्शन कराकर पूरी रकम अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर लेता था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा है।

पेटीएम बॉक्स सुधारने और लोन दिलाने का देता था झांसा..

ठग ने मुख्य रूप से उन छोटे दुकानदारों को अपना निशाना बनाया, जो डिजिटल पेमेंट या बैंकिंग ऐप्स के इस्तेमाल में ज्यादा जागरूक नहीं थे। आरोपी किराना दुकानों पर जाता था और पेटीएम बॉक्स (साउंडबॉक्स) सुधारने या उन्हें सस्ता लोन दिलाने का झांसा देकर उनका मोबाइल फोन अपने हाथ में ले लेता था। मोबाइल हाथ में आते ही वह बेहद ही चालाकी से पेटीएम ऐप के माध्यम से दुकानदार के नाम पर लोन अप्लाई कर देता था। लोन सैंक्शन होते ही वह पूरी राशि गुपचुप तरीके से अपने खाते में ट्रांसफर कर लेता था।

ऐसे हुआ पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा..

इस ठगी का भंडाफोड़ तब हुआ जब ग्राम चकरबेड़ा (मल्हार) निवासी प्रार्थी शिवकुमार राय ने चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिवकुमार ने पुलिस को बताया कि उसका परिचित गोपी कश्यप (निवासी ग्राम धुर्वाकारी) उसके पास आया और लोन दिलाने की बात कही। उसने शिवकुमार का मोबाइल लिया और ऑनलाइन लोन सैंक्शन करा लिया। इसके बाद उसने प्रार्थी को बिना बताए 80 हजार रुपये की रकम अपने खाते में ट्रांसफर कर ली। जब शिवकुमार ने पूछा, तो आरोपी ने यह कहकर झांसा दिया कि जब लोन कंपनी से पैसे आएंगे, तब उसे 80 हजार रुपये मिल जाएंगे।

लंबे समय तक पैसे नहीं मिलने पर शिवकुमार को ठगी की शंका हुई। उसने मल्हार स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में जाकर पूछताछ की। वहां उसे जानकारी मिली कि उसके नाम पर लिए गए लोन के 80 हजार रुपये अलग-अलग किस्तों में गोपी किशन के खाते में ट्रांसफर हो चुके हैं। इसके बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस की शरण ली।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई..

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। इस पूरी घटना की सूचना तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) और उप पुलिस महानिरीक्षक श्री रजनीश सिंह को दी गई। उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और मस्तूरी एसडीओपी एल.सी. मोहले के मार्गदर्शन में मल्हार चौकी पुलिस ने मुखबिरों का जाल बिछाया।

पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चंद घंटों के भीतर आरोपी गोपी कश्यप उर्फ गोपी किशन (32 वर्ष), पिता सुरेंद्र वर्मा, निवासी ग्राम धुर्वाकारी (थाना पचपेड़ी) को उसके ही गांव से धर दबोचा। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इनकी रही विशेष भूमिका..

इस पूरी कार्रवाई और शातिर ठग को पकड़ने में उप निरीक्षक अवधेश सिंह, आरक्षक रमेश साहू, किशन राय, अभिजीत और सुखदेव पाल की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।