पेण्ड्रा में 1 अप्रैल को होगा विराट त्रिशूल दीक्षा एवं शौर्य यात्रा, तैयारियां जोरों पर..

पेण्ड्रा। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में 1 अप्रैल, बुधवार को पेण्ड्रा में विराट त्रिशूल दीक्षा एवं त्रिशूल शौर्य यात्रा का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से मल्टी परपज हायर सेकंडरी स्कूल परिसर में आयोजित होगा, जिसकी तैयारियां जिले भर में जोर-शोर से की जा रही हैं।

इस आयोजन में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापत शामिल होंगे। विशेष बात यह है कि उनका पेण्ड्रा में यह पहला आगमन होगा, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष हर्ष छाबरिया करेंगे।

कार्यक्रम में क्षेत्र संयोजक विश्ववर्धन भट्ट (भोपाल), प्रांत संयोजक शुभम नाग (छत्तीसगढ़) सहित कई प्रमुख पदाधिकारी और संत-महात्मा भी उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों में संत आचार्य राकेश महाराज, स्वामी परमात्मानंद, स्वामी कृष्णप्रपन्नाचार्य महाराज, रामनामी संत, स्वामी महानंद एवं स्वामी केशवानंद सरस्वती शामिल होंगे।

आयोजन के तहत पहले त्रिशूल दीक्षा कार्यक्रम होगा, जिसके बाद मल्टी परपज हायर सेकंडरी स्कूल से नगर में भव्य त्रिशूल शौर्य यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।

विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की जिला इकाई (गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही) के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन इस आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। जिला संयोजक सागर पटेल ने सभी सनातन धर्मावलंबियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

इस भव्य आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।