

बिलासपुर। प्रगतिशील लेखक संघ, बिलासपुर के तत्वावधान में शहर में एक महत्वपूर्ण विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें वर्तमान वैश्विक हालात और युद्ध की स्थिति पर गंभीर चर्चा की गई। इस अवसर पर संघ के वरिष्ठ संरक्षक मुमताज भारती का रायगढ़ से बिलासपुर आगमन हुआ।

गोष्ठी का आयोजन ईवनिंग टाइम्स परिसर में किया गया, जहां बड़ी संख्या में साहित्यकार और बुद्धिजीवी उपस्थित रहे। चर्चा का मुख्य विषय वर्तमान में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध पर केंद्रित रहा।
अपने विचार व्यक्त करते हुए मुमताज भारती ने कहा कि यह एक “आरोपित युद्ध” है, जिसने पूरी दुनिया को गहरे संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि युद्ध के कारण उत्पन्न अमानवीय परिस्थितियों ने वैश्विक स्तर पर पूंजीवादी व्यवस्था के संकट को उजागर कर दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे कठिन समय में बुद्धिजीवियों की भूमिका और भी अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। समकालीन परिस्थितियों में समाज को सही दिशा देने के लिए वर्गीय समझ, वैचारिक स्पष्टता और दृढ़ता की आवश्यकता है।
गोष्ठी में कई अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। इनमें रफीक खान, नरेश अग्रवाल, अरुण दाभडकर, डॉ सत्यभामा अवस्थी, सचिन शर्मा, मुश्ताक मकवाना, कपूर वासनिक, मधुकर गोरख और हर्ष सिंह शामिल रहे।
कार्यक्रम में सभी वक्ताओं ने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों पर गहरी चिंता व्यक्त की और समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। यह गोष्ठी न केवल साहित्यिक विमर्श का मंच बनी, बल्कि समकालीन अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर सार्थक संवाद का माध्यम भी साबित हुई।



