

जशपुर। जिले के जशपुर वनमंडल के बगीचा वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने वन भूमि पर अवैध कब्जा करने की कोशिश को नाकाम कर दिया। विभाग ने मौके पर खेत निर्माण के लिए खुदाई कर रही जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया और प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 9 मार्च 2026 को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली थी कि बगीचा वन परिक्षेत्र के ग्राम टांगरपानी के दलकोकी क्षेत्र में वन भूमि पर जेसीबी मशीन से मिट्टी की खुदाई कर खेत बनाया जा रहा है और जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की जा रही है।
सूचना मिलते ही वनमंडलाधिकारी शशि कुमार के निर्देश पर वन परिक्षेत्राधिकारी यशस्वी मोर्चा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान कक्ष क्रमांक पी-1331 में जेसीबी मशीन से वन क्षेत्र की जमीन खोदकर खेत निर्माण का काम करते हुए पाया गया।
मौके पर मौजूद जेसीबी चालक फूलचंद उरांव (पिता मंगलेश्वर उरांव), निवासी ग्राम गुडरी, जिला गुमला (झारखंड) से पूछताछ की गई। चालक ने बताया कि जेसीबी मालिक ने उक्त भूमि को अपनी निजी जमीन बताते हुए खेत बनाने के लिए मिट्टी खुदाई करने को कहा था, जिसके आधार पर वह वहां खुदाई का काम कर रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण क्रमांक 21487/25 दिनांक 9 मार्च 2026 को दर्ज कर लिया है। खुदाई में इस्तेमाल की जा रही जेसीबी मशीन को विधिवत जब्त कर बगीचा निस्तार डिपो में सुरक्षित रखा गया है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और वन भूमि पर अवैध कब्जा करने की कोशिश करने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



