

जशपुर। विश्व आर्द्रभूमि दिवस के मौके पर जशपुर वन मंडल ने जिला मुख्यालय से 22 किलोमीटर दूर नीमगांव जलाशय में एक खास प्रशिक्षण कार्यशाला और स्वच्छता अभियान का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जहां उन्हें सात समंदर पार से आने वाले प्रवासी पक्षियों की खूबियों और उनकी सुरक्षा के बारे में विस्तार से बताया गया।
जशपुर के नीमगांव जलाशय में आयोजित इस कार्यक्रम में जशपुर विधायक रायमुनी भगत, डीएफओ शशि कुमार और एसडीओ करन सिंह ने नीमगांव वेटलैंड कैटलॉग का विमोचन किया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने वेटलैंड मित्र बनकर प्रकृति की रक्षा करने की शपथ भी ली।
एवरेस्ट से भी ऊंची उड़ान भरते हैं ये पक्षी..
डीएफओ शशि कुमार ने बताया कि नीमगांव जलाशय में आने वाले विदेशी प्रवासी पक्षी बेहद खास हैं। ये पक्षी करीब 8 हजार किलोमीटर का लंबा सफर तय करके यहां पहुंचते हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि इन पक्षियों में माउंट एवरेस्ट से भी ज्यादा ऊंचाई पर उड़ने की क्षमता होती है और ये बिना रुके 800 किलोमीटर तक लगातार उड़ सकते हैं। आमतौर पर ये पक्षी उन जगहों को चुनते हैं जहां पानी का स्तर तीन मीटर से कम हो।
पक्षियों को नुकसान पहुँचाया तो होगी जेल..
विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि इन पक्षियों का हमारे जिले में आना गर्व की बात है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई इन बेजुबान मेहमानों को नुकसान पहुंचाएगा तो उस पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी से पर्यावरण बचाने की अपील की। वहीं भाजपा महामंत्री और नीमगांव सरपंच नागेंद्र भगत ने ग्रामीणों से पक्षी मित्र बनने और ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने का आह्वान किया।
नीमगांव में बनेगा पक्षी विहार..
वन विभाग अब नीमगांव में एक नया पक्षी विहार बनाने जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को विदेशी पक्षियों को करीब से देखने और उनके बारे में जानकारी हासिल करने का मौका मिलेगा। कार्यक्रम के आखिर में सभी ने मिलकर जलाशय के आसपास सफाई अभियान चलाया। इस मौके पर रागिनी भगत, रोशनी भगत, विशाल भगत और वन विभाग की पूरी टीम मौजूद रही।




