

मुंगेली। अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) के प्रतिबंधित इलाके में घुसकर हथियार लहराने और दबंगई दिखाने वाले तीन युवकों को प्रबंधन ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में लापरवाही बरतने वाले बैरियर गार्ड को नौकरी से निकाल दिया गया है, जबकि रेंजर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। पकड़े गए आरोपियों ने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर अपनी रसूखदारी दिखाने की कोशिश की थी, जो अब उन्हें भारी पड़ रही है।

अदालत ने ठुकराई जमानत, 16 जनवरी तक रहेंगे सलाखें के पीछे..

पकड़े गए आरोपियों में लोरमी का अजीतदास वैष्णव (26), राजनांदगांव का विक्रांत वैष्णव (36) और लोरमी मुंगेली रोड का अनिकेत मौर्य (27) शामिल है। इन्हें मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। सोमवार को आरोपियों ने जमानत के लिए अर्जी लगाई थी, लेकिन वन विभाग के कड़े विरोध के बाद कोर्ट ने जमानत याचिका खारिज कर दी। अब ये तीनों 16 जनवरी तक जेल में ही रहेंगे।

वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धारा 2, 9, 27, 29, 38, 39, 50 और 51 के तहत केस दर्ज किया है। इसके अलावा जप्त हथियारों को जांच के लिए रायपुर की फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद इन पर आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की धाराएं भी जोड़ी जाएंगी। साथ ही सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के कारण आईटी एक्ट के तहत भी कार्रवाई की तैयारी है।
फरार साथी और दूसरी बंदूक की तलाश में डॉग स्क्वायड..
जांच में पता चला है कि इनके पास एक और बंदूक थी, जिसे छिपा दिया गया है। उस बंदूक को खोजने के लिए सर्च वारंट जारी कर डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है। वहीं, एक आरोपी अब भी फरार है जिसकी तलाश में पुलिस और वन विभाग की टीमें जुटी हुई हैं।




