बिलासपुर के कोनी में अवैध शराब पर पुलिस का छापा : 61 लीटर कच्ची शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार..

बिलासपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम जलसों में घेराबंदी कर एक शराब तस्कर को दबोचा है जिसके पास से भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब बरामद हुई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कोनी पुलिस को शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जलसों का रहने वाला श्रीलाल वर्मा नहर पुल के पास भारी मात्रा में शराब लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है। खबर मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की और जलसो नहर पुल के पास दबिश दी।

प्लास्टिक के डिब्बों में छिपाई थी शराब..

पुलिस की छापेमारी के दौरान आरोपी श्रीलाल वर्मा पिता स्व. सौखी लाल वर्मा (50 वर्ष) के पास से 15-15 लीटर के चार प्लास्टिक डिब्बे और एक बोतल मिली। जब इनकी जांच की गई तो इनमें 61 लीटर हाथ भट्टी से बनी कच्ची महुआ शराब भरी हुई थी। बरामद शराब की कीमत करीब 12,200 रुपये बताई जा रही है। जब पुलिस ने आरोपी से शराब रखने के दस्तावेज मांगे तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका।

कोनी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अगर उनके आसपास कोई भी अवैध नशे का कारोबार या संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत 112 नंबर पर सूचना दें ताकि अपराधों पर लगाम लगाई जा सके।