

बिलासपुर। नए साल के स्वागत की खुमारी में डूबे जुआरियों के मंसूबों पर सकरी पुलिस ने पानी फेर दिया है। भरनी स्थित सीआरपीएफ कैंप के पीछे एक फार्म हाउस में चल रही जुए की बड़ी फड़ पर पुलिस ने बुधवार को दबिश देकर 7 आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने 55 हजार से ज्यादा कैश सहित कुल 5.55 लाख रुपए का सामान जब्त किया है। पकड़े गए आरोपियों में शहर के अलग-अलग क्षेत्रों के रईसजादे शामिल हैं, जो पुलिस की आंखों में धूल झोंककर दांव लगा रहे थे।

सीआरपीएफ कैंप के पीछे सजी थी जुए की महफिल..
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जुआरी इस मुगालते में थे कि शहर से दूर फार्म हाउस में बैठकर वे कानून की नजरों से बच जाएंगे। भरनी सीआरपीएफ कैंप के पीछे सनत वस्त्रकार के फार्म हाउस को सुरक्षित 8अड्डा मानकर जुआ खिलाया जा रहा था। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने जुआ और सट्टे के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ के निर्देश दे रखे हैं। इसी बीच मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि फार्म हाउस के भीतर पैसों का दांव लगाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल और सीएसपी निमितेश सिंह परिहार ने तत्काल साइबर सेल और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम को घेराबंदी के लिए भेजा।
पुलिस की घेराबंदी देख मची खलबली..
जैसे ही निरीक्षक विजय चौधरी के नेतृत्व में टीम ने फार्म हाउस में एंट्री की, वहां अफरा-तफरी मच गई। जुआरी अपने पैसे और ताश के पत्ते समेटने की कोशिश करते, उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। मौके से पुलिस ने 55,600 रुपए नगद बरामद किए। इसके अलावा आरोपियों के पास से एक बुलेट, दो एक्टिवा और 7 महंगे स्मार्टफोन जब्त किए गए हैं। जब्त किए गए पूरे सामान और नगदी की कुल कीमत 5,55,600 रुपए आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों का कच्चा चिट्ठा..
पुलिस ने छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4(क) के तहत मामला दर्ज कर निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
दिलीप मिश्रा (35): निवासी उसलापुर, सकरी
अमन सिंह (26): निवासी पथरताल, मस्तुरी
अमित सिंह कौशिक (36): निवासी हाफा, सकरी
जितेन्द्र जांगडे (30): निवासी उसलापुर, बिलासपुर
पुष्पराज सिंह (50): निवासी पुरान, मुंगेली
महेन्द्र सिंह (40): निवासी पथरताल, मस्तुरी
उपेन्द्र सिंह (38): निवासी 2री बटालियन, सकरी
निरीक्षक विजय चौधरी ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। शहर में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस पूरी रेड में साइबर सेल और सकरी थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



