

बिलासपुर। जिले में पानी बचाने के लिए मोर गांव मोर तरिया अभियान तेजी से चल रहा है। इसके तहत मस्तूरी ब्लॉक की ग्राम पंचायत बोहारडीह में नया तालाब बनाया जा रहा है। बारिश का पानी अच्छी तरह जमा हो सके इसके लिए मानसून आने से पहले काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

जिले में मोर गांव मोर तरिया योजना के तहत कुल 38 नए तालाब बनाने की मंजूरी दी गई है। इन सभी जगहों पर बहुत तेजी से काम चल रहा है ताकि आने वाली बारिश में पानी को सहेजने की पक्की व्यवस्था बन सके। नए तालाब बनने से भूजल स्तर में सुधार होगा। इसके अलावा खेतों की सिंचाई और मवेशियों के लिए पानी आसानी से उपलब्ध रहेगा जिससे ग्रामीण इलाकों में पानी की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी।
गांवों में चल रहे इस निर्माण कार्य से बड़ी संख्या में स्थानीय मजदूरों को रोजगार भी मिल रहा है। गांव में तालाब जैसे पक्के निर्माण होने के साथ ही मजदूरों को अपने ही इलाके में काम मिलने से उनकी आमदनी भी बढ़ रही है। प्रशासन की टीम इन कामों की लगातार निगरानी कर रही है ताकि सभी तालाब अच्छी क्वालिटी के साथ तय समय पर बन जाएं।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर जिले में पानी बचाने को एक बड़े जन आंदोलन का रूप दिया जा रहा है। मोर गांव मोर तरिया योजना के जरिए गांवों में पानी की सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं जो आने वाले समय में गांव के विकास और पर्यावरण को बेहतर बनाने में मददगार साबित होंगी।



