₹1.72 लाख करोड़ का युवा केंद्रित बजट : शिक्षा, रोजगार और स्टार्टअप को मिलेगा नया बल – अमित सिंह

बिलासपुर/रायपुर। राज्य के वर्ष 2026-27 के ₹1.72 लाख करोड़ के बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए अमित सिंह ने कहा कि यह बजट विशेष रूप से युवाओं, छात्रों और बेटियों के भविष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें शिक्षा, नौकरी, कौशल विकास, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, स्टार्टअप और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि सरकार ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए विशेष सहायता योजनाएं शुरू की हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को कोचिंग और अध्ययन सामग्री का खर्च उठाने में मदद मिलेगी।

स्टार्टअप और नई तकनीक को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री एआई मिशन और स्टार्टअप मिशन के तहत युवाओं को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग दिया जाएगा। इससे प्रदेश में स्वरोजगार और नए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

शिक्षा क्षेत्र में भी बड़े प्रावधान किए गए हैं। शिक्षा मिशन, छात्रवृत्ति योजनाएं और कॉलेजों के लिए बजट आवंटन से छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षित किया जाएगा।

खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भी बजट में विशेष राशि निर्धारित की गई है, जिससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों और कलाकारों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

अमित सिंह ने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाली बेटियों को रानी दुर्गावती योजना के तहत ₹1.50 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह योजना बेटियों के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है।

उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और छत्तीसगढ़ को आगे बढ़ाने का संकल्प है। शिक्षा से रोजगार तक और कौशल से स्टार्टअप तक, हर क्षेत्र में यह बजट नई संभावनाओं के द्वार खोलता है।