राष्ट्र निर्माण में जुटे स्वयंसेवक : संगठन और संस्कार से समाज को जोड़ रहा संघ – गणेशराम साहू

बिलासपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) एक ऐसा संगठन है जो वैचारिक व्यक्तित्व निर्माण के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण के कार्य में निरंतर सक्रिय है। संघ की शाखाओं में देशभक्ति गीतों का नियमित अभ्यास कराया जाता है, जिससे स्वयंसेवकों के मन और शरीर में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत होती है। यह बात आरएसएस के विभाग प्रचारक गणेशराम साहू ने भाजपा जिला बिलासपुर शहर के कार्यकर्ताओं की गोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में कही। यह कार्यक्रम भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित किया गया था।

उन्होंने बताया कि संघ स्वयंसेवकों को 15-20 वर्षों तक सतत प्रशिक्षण और साधना के माध्यम से तैयार करता है। इसके बाद उन्हें विभिन्न संगठनों में जिम्मेदारियां सौंपी जाती हैं। संघ से जुड़े सभी संगठन राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से कार्य करते हैं और इनके माध्यम से लाखों कार्यकर्ता समाज सेवा में लगे हुए हैं।

साहू ने आगे बताया कि वर्तमान में संघ सात प्रमुख कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दे रहा है। इनमें शक्ति केंद्र, गृह संपर्क, हिन्दू सम्मेलन, सामाजिक सम्मान, नियमित बैठकें, युवाओं के लिए मार्गदर्शन हेतु युवा सम्मेलन तथा प्रमुखजनों की गोष्ठियां शामिल हैं। साथ ही शाखाओं के विस्तार पर भी जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि आगामी अक्टूबर माह में “पंच प्रण” के अंतर्गत 15 वर्षों तक “पंच परिवर्तन” अभियान चलाया जाएगा। इसमें नागरिक कर्तव्य बोध, परिवार प्रबोधन, सामाजिक सद्भाव, पर्यावरण संरक्षण और स्वाभिमान जैसे विषयों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप कौशिक ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष संतोष कौशिक ने किया। इस अवसर पर कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।