केंद्रीय बजट 2026-27 विकसित भारत की मजबूत नींव : मनीष अग्रवाल

आत्मनिर्भर भारत को सशक्त करने वाला सर्वसमावेशी और संतुलित बजट..

बिलासपुर। केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 का आम बजट विकसित भारत की नींव रखने वाला और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने वाला सर्वसमावेशी बजट है। यह प्रतिक्रिया पूर्व एल्डरमैन एवं भाजपा नेता मनीष अग्रवाल ने बजट पर व्यक्त की।

मनीष अग्रवाल ने कहा कि बजट में हर वर्ग और हर राज्य को लाभान्वित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। कर सुधारों और कर प्रणाली को सरल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए नया आयकर अधिनियम 1 अप्रैल 2026 से लागू करने का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे नियमों को सरल और करदाता अनुकूल बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और किफायती बनाने के लिए बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं। विशेष रूप से कैंसर के इलाज में उपयोग होने वाली 17 नई दवाओं पर कस्टम ड्यूटी घटाने से देशभर के मरीजों को राहत मिलेगी और इलाज सस्ता होगा।

छत्तीसगढ़ के संदर्भ में बजट को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास को लेकर राज्य को बड़े लाभ मिलने वाले हैं। केंद्र सरकार द्वारा देश के हर जिले में महिला छात्रावास खोलने की घोषणा से छत्तीसगढ़ के 33 जिलों की छात्राओं को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा नए आयुर्वेदिक कॉलेज खोलने की घोषणा से राज्य को स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में मजबूती मिलेगी।

रेलवे विकास के तहत छत्तीसगढ़ में 32 अमृत स्टेशनों के कायाकल्प के लिए बजटीय प्रावधान किए गए हैं। वहीं कौशल विकास के क्षेत्र में देश के 20 प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों में 10 हजार से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा, जिसका सीधा लाभ छत्तीसगढ़ के सरगुजा और बस्तर अंचलों को मिलेगा।

मनीष अग्रवाल ने कहा कि बजट में किसानों के लिए पीएम किसान योजना के तहत लाभ बढ़ाने और कृषि क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करने की घोषणाएं की गई हैं। मध्यम वर्ग को आयकर में राहत, होम लोन पर ब्याज कटौती की सीमा बढ़ाने जैसे प्रावधानों से बड़ी राहत मिलेगी। वहीं व्यवसाय और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए एमएसएमई के लिए ऋण सीमा बढ़ाने और नए उद्योगों को प्रोत्साहित करने की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि बजट 2026 एक संतुलित बजट है, जो समाज के विभिन्न वर्गों की जरूरतों को पूरा करने का प्रयास करता है। बजट में की गई घोषणाओं से देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और समग्र विकास को मजबूती प्राप्त होगी।